रायपुर, 28 नवंबर 2026

छत्तीसगढ़ में ग्राम पंचायतों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक नई पहल की गई है। जशपुर जिले के कुनकुरी विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत कुंजारा में 2 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित 280 किलोवाट क्षमता के प्रदेश के पहले पंचायत आधारित ऑन-ग्रिड सौर ऊर्जा संयंत्र का मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने लोकार्पण किया। इस संयंत्र से ग्राम पंचायत को हर साल लगभग 18.75 लाख रुपये की आय होने का अनुमान है। इस राशि का उपयोग गांव के विकास और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार में किया जाएगा।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि गांवों की वास्तविक आत्मनिर्भरता तभी संभव है, जब ग्राम पंचायतों के पास विकास कार्यों के लिए आय के अपने स्थायी स्रोत हों। ग्राम पंचायत कुंजारा ने सौर ऊर्जा के माध्यम से इस दिशा में नई मिसाल पेश की है। अब यह पंचायत बिजली उत्पादन के साथ उससे आय भी अर्जित करेगी और इस राशि को गांव के विकास में खर्च कर सकेगी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने में सौर ऊर्जा महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। कुंजारा की यह परियोजना गांवों को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के साथ पंचायतों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने का उदाहरण बनेगी।

सौर ऊर्जा से हर साल 18.75 लाख रुपये कमाएगी पंचायत

280 किलोवाट क्षमता वाला यह सौर ऊर्जा संयंत्र प्रतिवर्ष लगभग 4 लाख यूनिट बिजली का उत्पादन करने में सक्षम है। संयंत्र से उत्पादित बिजली सीधे विद्युत ग्रिड में प्रवाहित की जाएगी। इसके बाद वर्चुअल नेट मीटरिंग के माध्यम से बिजली का समायोजन जशपुर जिले के विभिन्न शासकीय कार्यालयों की विद्युत खपत से किया जाएगा।

इस व्यवस्था के तहत ग्राम पंचायत कुंजारा को 5 रुपये प्रति यूनिट की दर से लाभांश मिलेगा। इससे पंचायत को सालाना लगभग 18.75 लाख रुपये की नियमित आय होने का अनुमान है। ग्राम सभा के प्रस्ताव के आधार पर इस राशि का उपयोग स्थानीय जरूरतों, अधोसंरचना निर्माण और विकास कार्यों में किया जा सकेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना ग्राम पंचायतों को अपनी आय के स्रोत विकसित करने की नई दिशा दिखाएगी। आने वाले समय में कुंजारा प्रदेश की अन्य पंचायतों के लिए भी प्रेरणादायक मॉडल बन सकता है।

मुख्यमंत्री ने की 20 लाख की सीसी सड़क और दो सामुदायिक भवनों की घोषणा

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ग्रामीणों की मांग पर कई विकास कार्यों की घोषणा की। उन्होंने ग्राम पंचायत कुंजारा में 20 लाख रुपये की लागत से सीसी सड़क निर्माण, श्री टोली में सामुदायिक भवन और कुंजारा में शिव मंदिर के समीप एक अन्य सामुदायिक भवन के निर्माण की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार करने और गांवों को विकास के नए अवसरों से जोड़ने के लिए लगातार काम कर रही है। सड़क और सामुदायिक भवन जैसी सुविधाओं से ग्रामीणों को लाभ मिलेगा।

प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लाभ लेने की अपील

मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा भविष्य की ऊर्जा है। इससे पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलने के साथ बिजली खर्च में भी बचत होती है।

उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक और स्थानीय संसाधनों के बेहतर उपयोग से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती दी जा सकती है। सौर ऊर्जा के क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों का लाभ गांवों और आम नागरिकों तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।

वर्चुअल नेट मीटरिंग से सरकारी कार्यालयों के बिजली बिल में होगी बचत

राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के अंतर्गत पंचायती राज संस्थाओं को सशक्त बनाने के उद्देश्य से भारत सरकार के पंचायती राज मंत्रालय ने जिला पंचायत जशपुर के प्रस्ताव पर इस परियोजना को स्वीकृति दी थी। छत्तीसगढ़ राज्य अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण (क्रेडा) द्वारा आधुनिक तकनीक से इस संयंत्र की स्थापना की गई है।

संयंत्र से उत्पादित बिजली सीधे विद्युत ग्रिड में जाएगी। बिजली उत्पादन की गणना के लिए संयंत्र स्थल पर नेट मीटर लगाया गया है, जिससे प्रतिदिन उत्पादित विद्युत यूनिटों का रिकॉर्ड रखा जाएगा।

जशपुर जिले के विभिन्न शासकीय कार्यालयों के बिजली मीटरों को वर्चुअल नेट मीटरिंग व्यवस्था के अंतर्गत छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड से अनुबंधित किया गया है। इसके माध्यम से सौर संयंत्र से ग्रिड में भेजी गई बिजली का समायोजन संबंधित सरकारी कार्यालयों की बिजली खपत के साथ होगा। इससे सरकारी कार्यालयों के बिजली बिल में बचत होगी और निर्धारित लाभांश 5 रुपये प्रति यूनिट की दर से ग्राम पंचायत कुंजारा के खाते में जमा किया जाएगा।

परियोजना के संचालन और लाभांश वितरण के लिए विद्युत विभाग, ग्राम पंचायत कुंजारा और जनपद पंचायत कुनकुरी के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) भी किया गया है।

प्रदेश की अन्य पंचायतों के लिए बनेगा आत्मनिर्भरता का मॉडल

अब तक ग्राम पंचायतों को विकास कार्यों के लिए मुख्य रूप से सरकारी अनुदान और विभिन्न योजनाओं से मिलने वाली राशि पर निर्भर रहना पड़ता था। कुंजारा की इस परियोजना से पंचायत को नियमित आय का एक स्थायी स्रोत मिलेगा। ग्राम सभा की सहमति से इस आय का उपयोग स्थानीय विकास और जनसुविधाओं के विस्तार में किया जा सकेगा।

इस पहल से पंचायत की वित्तीय क्षमता मजबूत होगी और स्थानीय जरूरतों के अनुरूप विकास कार्यों को गति मिलेगी। कुंजारा में स्थापित यह सौर ऊर्जा संयंत्र भविष्य में प्रदेश की अन्य ग्राम पंचायतों को भी बिजली उत्पादन के जरिए अपनी आय बढ़ाने के लिए प्रेरित कर सकता है।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, पूर्व विधायक रोहित साय, उपेंद्र यादव, ग्राम पंचायत कुंजारा के सरपंच, पुलिस महानिरीक्षक दीपक कुमार झा, कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक कुमार सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts