रायपुर,29 नवम्बर 2026

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जशपुर जिले को विकास कार्यों की बड़ी सौगात दी है। शनिवार को कुनकुरी विकासखंड के ग्राम जोकरी में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 33 करोड़ 78 लाख रुपये की लागत वाले विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इसमें एक उच्चस्तरीय पुल और दो विद्युत उपकेंद्रों का लोकार्पण तथा चार नए उच्चस्तरीय पुलों के निर्माण का भूमिपूजन शामिल है। इन पांच पुलों के निर्माण और संचालन से 29 हजार से अधिक ग्रामीणों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी, वहीं विद्युत उपकेंद्रों से ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति व्यवस्था मजबूत होगी।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि गांवों का विकास ही प्रदेश की समृद्धि का आधार है। राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, पुल-पुलिया, बिजली और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि नदी-नालों पर पुलों के निर्माण से बरसात के दिनों में आवागमन की परेशानियां दूर होंगी। इससे ग्रामीणों को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और व्यापार के लिए जिला एवं विकासखंड मुख्यालयों तक पहुंचने में आसानी होगी।

डोड़की नदी पर 6.55 करोड़ का पुल लोकार्पित

मुख्यमंत्री ने नारायणपुर-गौता-रजौटी मार्ग पर डोड़की नदी में 6 करोड़ 55 लाख 53 हजार रुपये की लागत से निर्मित 120 मीटर लंबे उच्चस्तरीय पुल का लोकार्पण किया। इस पुल से आसपास के लगभग 10 गांवों के 7,471 ग्रामीणों को लाभ मिलेगा। पुल शुरू होने से पूरे साल आवागमन सुगम होगा और विशेष रूप से बारिश के मौसम में नदी के कारण होने वाली परेशानियों से राहत मिलेगी।

22.77 करोड़ की लागत से बनेंगे चार नए पुल

मुख्यमंत्री ने जिले के विभिन्न ग्रामीण मार्गों पर 22 करोड़ 77 लाख 31 हजार रुपये की लागत से बनने वाले चार उच्चस्तरीय पुलों एवं पहुंच मार्गों का भूमिपूजन किया।

इनमें रेंगारघाट-कुड़केला मार्ग पर बोलजोरा में 4 करोड़ 47 लाख 98 हजार रुपये की लागत से 92 मीटर लंबा पुल बनाया जाएगा। इससे लगभग 6,500 ग्रामीणों को लाभ मिलेगा।

इसी तरह बोड़ाकछार-चटकपुर मार्ग पर चंपाझरिया में 4 करोड़ 46 लाख 58 हजार रुपये की लागत से 100 मीटर लंबे उच्चस्तरीय पुल एवं पहुंच मार्ग का निर्माण होगा। इससे करीब 3,519 ग्रामीणों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी।

बसेनताला-चटकपुर मार्ग पर सिंधु नाला में 2 करोड़ 55 लाख 72 हजार रुपये की लागत से 63 मीटर लंबा पुल बनाया जाएगा। इससे आसपास के गांवों की लगभग 6,133 आबादी लाभान्वित होगी।

वहीं ठेठेटांगर-चोंगरीबहार मार्ग पर ईब नदी में 11 करोड़ 27 लाख 3 हजार रुपये की लागत से 312 मीटर लंबे उच्चस्तरीय पुल एवं पहुंच मार्ग का निर्माण किया जाएगा। इससे क्षेत्र के लगभग 6 हजार ग्रामीणों को सालभर आवागमन की सुविधा मिलेगी।

इन पुलों के निर्माण से दूरस्थ गांवों की मुख्य मार्गों से कनेक्टिविटी बेहतर होगी। ग्रामीणों को कृषि उपज के परिवहन, व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंचने में भी सहूलियत मिलेगी।

दो विद्युत उपकेंद्रों से मजबूत होगी बिजली व्यवस्था

मुख्यमंत्री साय ने ग्राम काईकछार और बालाछापर में कुल 4 करोड़ 45 लाख रुपये की लागत से निर्मित 33/11 केवी क्षमता के दो विद्युत उपकेंद्रों का भी लोकार्पण किया। इनके शुरू होने से आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत वितरण व्यवस्था सुदृढ़ होगी। साथ ही बिजली आपूर्ति की गुणवत्ता में सुधार होगा और उपभोक्ताओं को अधिक सुचारु विद्युत सुविधा मिल सकेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध बिजली आपूर्ति से घरेलू उपभोक्ताओं को सुविधा मिलने के साथ खेती-किसानी, छोटे व्यवसायों और अन्य आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

अंतिम गांव और अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाना संकल्प

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि विकास की सार्थकता तभी है, जब उसका लाभ दूरस्थ गांवों और अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचे। सड़क और पुल केवल आवागमन के साधन नहीं हैं, बल्कि गांवों की प्रगति और नए अवसरों के द्वार भी हैं। इसी तरह बेहतर बिजली व्यवस्था ग्रामीण जीवन को सुविधाजनक बनाने के साथ आर्थिक गतिविधियों को नई गति देती है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और संतुलित विकास के लिए प्रतिबद्ध है। जशपुर सहित प्रदेश के दूरस्थ अंचलों में विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है, ताकि ग्रामीणों का जीवन अधिक सुगम, सुरक्षित और सुविधाजनक बन सके।

कार्यक्रम में कलेक्टर रोहित व्यास, पुलिस अधीक्षक लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, प्रबल प्रताप सिंह जूदेव, चीक बड़ाईक महासभा के सत्यनारायण बड़ाईक, ग्राम पंचायत जोकरी की सरपंच मंजू भगत, पूर्व विधायक रोहित कुमार साय, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि उपेंद्र यादव सहित समाज के प्रमुख पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, जिला प्रशासन के अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts