Bihar: सरकारी विद्यालय के कमरे से संदिग्ध मांस मिलने पर बवाल, रोहतास में तनाव; भारी पुलिस बल तैनात
सरकारी विद्यालय के कमरे से मांस मिलने की सूचना के बाद ग्रामीणों का हंगामा, जांच शुरू
रोहतास | 22 अप्रैल 2026
रोहतास जिले के राजपुर प्रखंड के रामूडीह स्थित उत्क्रमित उर्दू मध्य विद्यालय में बुधवार सुबह गोमांस मिलने की सूचना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। जानकारी के अनुसार विद्यालय के एक कमरे से काले रंग की प्लास्टिक थैलियों में मांस बरामद होने की बात सामने आई, जिसके बाद खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण स्कूल परिसर में पहुंच गए और जमकर हंगामा किया। ग्रामीणों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासन तुरंत सक्रिय हुआ। विक्रमगंज एसडीएम प्रभात कुमार मौके पर पहुंचे, वहीं कई थानों की पुलिस बल भी तैनात कर दी गई ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे। रोहतास एसपी रौशन कुमार ने बताया कि एफएसएल टीम द्वारा सैंपल जब्त कर जांच की जा रही है और कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। शिक्षा विभाग ने भी मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे मामले की स्पष्ट जानकारी सामने आएगी और उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Hindi 















































































































































































































































































































































