दुर्ग में डबल मर्डर से सनसनी: आरक्षक की कथित दूसरी पत्नी ने घर में घुसकर पत्नी-बेटे की हत्या
चाकू से ताबड़तोड़ हमला, 9 साल के मासूम की भी मौत; एक बेटी ICU में, आरोपी गिरफ्तार
दुर्ग | 25 अप्रैल 2026
छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले की एसटीएफ कॉलोनी में शनिवार सुबह करीब 8 बजे दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहां आरक्षक ललितेश यादव की कथित दूसरी पत्नी सरोजनी भारद्वाज ने घर में घुसकर उनकी पहली पत्नी और बच्चों पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में पत्नी रीना यादव और 9 वर्षीय बेटे आदित्य यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बेटी तानिया यादव गंभीर रूप से घायल है और अस्पताल के ICU में भर्ती है। वहीं दूसरी बेटी नैना यादव ने बाथरूम में छिपकर अपनी जान बचाई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी महिला और आरक्षक के बीच फेसबुक के जरिए जान-पहचान हुई थी, जो बाद में रिश्ते में बदल गई और कथित तौर पर दोनों ने शादी भी कर ली थी। बताया जा रहा है कि घटना से एक दिन पहले भी आरोपी महिला घर पहुंची थी, लेकिन उसे समझाकर वापस भेज दिया गया था। इसके बावजूद शनिवार सुबह उसने फिर घर में घुसकर इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।
घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ जारी है। अधिकारियों के अनुसार, हमले के पीछे की वजह और पारिवारिक विवाद की पूरी कड़ियों को खंगाला जा रहा है।
Hindi 
























































































































































































































































































































































































