# Tags
#All #राष्ट्रीय

PM मोदी ने 50% कम किया अपना काफिला, सरकारी विभागों में भी खर्च कटौती की तैयारी

12 मई 2026 | नई दिल्ली

पश्चिम एशिया में जारी संकट और कच्चे तेल की आपूर्ति प्रभावित होने के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मितव्ययिता और ऊर्जा बचत की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। प्रधानमंत्री ने अपनी सुरक्षा में तैनात विशेष सुरक्षा समूह (SPG) को निर्देश दिया है कि उनके काफिले में शामिल वाहनों की संख्या 50 प्रतिशत तक कम की जाए। इसके साथ ही जहां संभव हो, नई गाड़ियां खरीदने के बजाय इलेक्ट्रिक वाहनों को काफिले में शामिल करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

गुजरात और असम में लागू हुए निर्देश

सूत्रों के मुताबिक, प्रधानमंत्री के निर्देशों के बाद SPG ने गुजरात और असम दौरों के दौरान काफिले में वाहनों की संख्या कम करना शुरू कर दिया है। हालांकि सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े ब्लू बुक प्रोटोकॉल और अनिवार्य सुरक्षा मानकों से कोई समझौता नहीं किया जा रहा है। सरकार इसे ईंधन बचत और संसाधनों के जिम्मेदार उपयोग की दिशा में प्रतीकात्मक लेकिन बड़ा कदम मान रही है।

सरकारी विभागों में भी खर्च कम करने की तैयारी

केंद्रीय मंत्रालयों और विभागों में भी खर्च कटौती और ईंधन बचत को लेकर चर्चा तेज हो गई है। अधिकारियों के अनुसार आने वाले दिनों में कर्मचारियों को मेट्रो उपयोग, कार पूलिंग, ऑनलाइन मीटिंग और बड़े आयोजनों से बचने के लिए प्रोत्साहित किया जा सकता है। विभिन्न विभाग ईंधन खपत कम करने के लिए अपने-अपने स्तर पर योजनाएं तैयार कर रहे हैं।

पीएम मोदी ने जनता से की थी ये अपील

हैदराबाद में जनसभा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने देशवासियों से पेट्रोल-डीजल का सीमित उपयोग करने, सार्वजनिक परिवहन और इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने, गैर-जरूरी विदेश यात्राओं से बचने और एक साल तक अनावश्यक सोना खरीदने से परहेज करने की अपील की थी। उन्होंने कोविड काल की तरह वर्क फ्रॉम होम, ऑनलाइन कॉन्फ्रेंस और वर्चुअल बैठकों को फिर से अपनाने का सुझाव दिया था।

प्रधानमंत्री ने ‘मेड इन इंडिया’ उत्पादों को प्राथमिकता देने, खाने के तेल की खपत कम करने और किसानों से रासायनिक उर्वरकों का उपयोग 50 प्रतिशत घटाकर प्राकृतिक खेती अपनाने का भी आह्वान किया। इसके साथ ही कृषि में डीजल पंपों के स्थान पर सोलर सिंचाई पंपों के उपयोग को बढ़ावा देने की बात कही।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *