रायपुर , 5 जून 2026
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर 6 और 7 जून 2026 को देशभर के चार्टर्ड अकाउंटेंसी विद्यार्थियों के लिए ज्ञान, नेतृत्व और नवाचार का केंद्र बनने जा रही है। सीआईसीएएसए रायपुर द्वारा “KARTAVYA 2026 – National Conference of CA Students” का आयोजन पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में किया जाएगा। सम्मेलन में देश के विभिन्न राज्यों से 1000 से अधिक CA विद्यार्थी और युवा पेशेवर शामिल होंगे।
कार्यक्रम में राज्यपाल रमेन डेका, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू और रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा समेत कई विशिष्ट अतिथि शामिल होंगे।
आईसीएआई के बोर्ड ऑफ स्टडीज़ (ऑपरेशंस) के तत्वावधान में आयोजित यह सम्मेलन “SYNC – Strategy, Youth, Network & Change” थीम पर आधारित है। इसका उद्देश्य युवाओं में रणनीतिक सोच, नेतृत्व क्षमता और बदलते वैश्विक परिदृश्य के अनुरूप कौशल विकास को बढ़ावा देना है।
सम्मेलन में देशभर के प्रतिष्ठित सीए फैकल्टी, उद्योग विशेषज्ञ, कॉर्पोरेट लीडर्स, सफल उद्यमी और प्रेरक वक्ता हिस्सा लेंगे। प्रतिभागियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, प्रोफेशनल एक्सीलेंस, उद्यमिता, नेतृत्व विकास, नेटवर्किंग और करियर अवसरों जैसे विषयों पर मार्गदर्शन मिलेगा।
सीआईसीएएसए रायपुर के अध्यक्ष सीए संस्कार अग्रवाल ने कहा कि KARTAVYA 2026 युवा चार्टर्ड अकाउंटेंसी विद्यार्थियों के लिए ऐसा राष्ट्रीय मंच है, जहां ज्ञान, अनुभव, नेतृत्व और अवसरों का संगम होगा। उन्होंने कहा कि सम्मेलन युवाओं को व्यावसायिक रूप से सक्षम बनाने के साथ-साथ समाज और राष्ट्र के प्रति उनकी जिम्मेदारियों को समझने के लिए भी प्रेरित करेगा।
उन्होंने बताया कि यह आयोजन ‘विकसित भारत 2047’ के विजन के अनुरूप युवाओं में नवाचार, नेतृत्व, नैतिकता और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करने का प्रयास है।
देशभर से आने वाले प्रतिभागियों, वक्ताओं और विशिष्ट अतिथियों की मौजूदगी में KARTAVYA 2026 को ज्ञान, नेतृत्व और युवा शक्ति के ऐतिहासिक उत्सव के रूप में देखा जा रहा है।


