# Tags
#राष्ट्रीय

आग नहीं, अफवाह थी! ट्रेन से कूदे यात्रियों पर टूटा मौत का कहर, 4 की मौत

IMG 20260614 192747

मुरैना, 14 जून 2026

मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में रविवार को एक दर्दनाक रेल हादसा हो गया। खजुराहो-उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस में आग लगने की अफवाह फैलने के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। जान बचाने की कोशिश में कई यात्री ट्रेन से नीचे उतर गए और कुछ ने छलांग लगा दी।

जानकारी के अनुसार, घटना हेतमपुर स्टेशन के पास हुई। बताया जा रहा है कि एक यात्री का मोबाइल फोन फटने के बाद कोच में आग लगने की अफवाह फैल गई। इसके बाद किसी यात्री ने अलार्म चेन पुलिंग कर ट्रेन रोक दी।

ट्रेन रुकते ही घबराए यात्री नीचे उतरकर पास की रेलवे लाइन पर पहुंच गए। इसी दौरान अप दिशा से आ रही फिरोजपुर-सिवनी पातालकोट एक्सप्रेस वहां से गुजर रही थी। ट्रेन की चपेट में आने से चार यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतकों की पहचान आफरीन (35), उनके चार वर्षीय बेटे असद खान, शकुंतला परमार (60) और राजस्थान के बीकानेर निवासी विरमा देवी (60) के रूप में हुई है।

रेलवे के मुताबिक, रविवार शाम करीब 4:15 बजे गाड़ी संख्या 19665 खजुराहो-उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस में चेन पुलिंग होने के कारण ट्रेन सेक्शन में रुक गई थी। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन, आरपीएफ, जीआरपी और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत कार्य शुरू किया गया।

रेलवे ने कहा है कि हादसे के कारणों और परिस्थितियों की विस्तृत जांच की जा रही है। प्रभावित यात्रियों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *