रायपुर, 18  जुलाई 2026

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ विधानसभा में विपक्ष द्वारा लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर जवाब देते हुए कहा कि यह प्रस्ताव सरकार के खिलाफ नहीं, बल्कि प्रदेश की तीन करोड़ जनता के जनादेश और विश्वास के विरुद्ध है। उन्होंने कहा कि 2023 विधानसभा चुनाव, लोकसभा चुनाव और नगरीय निकाय चुनावों में जनता ने विकास, सुशासन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी पर भरोसा जताया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में सरकार ने जनता से किए गए अधिकांश वादों और मोदी की गारंटी को धरातल पर उतारा है। उन्होंने कहा कि सरकार की उपलब्धियां ही उसकी कार्यशैली और जनविश्वास का सबसे बड़ा प्रमाण हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार ने किसानों, महिलाओं, गरीबों, युवाओं, आदिवासियों और समाज के हर वर्ग के कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। 3100 रुपये प्रति क्विंटल धान खरीदी, दो साल का बकाया बोनस, महतारी वंदन योजना के तहत करीब 70 लाख महिलाओं को 18,800 करोड़ रुपये से अधिक की राशि तथा प्रधानमंत्री आवास योजना का प्रभावी क्रियान्वयन सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 10.40 लाख से अधिक महिलाओं को ‘लखपति दीदी’ बनाया गया है। महिलाओं को रजिस्ट्री शुल्क में 50 प्रतिशत और स्टांप शुल्क में 1 प्रतिशत की छूट दी गई है। साथ ही स्व-सहायता समूहों को नए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए हैं।

उन्होंने बताया कि किसानों के लिए रिकॉर्ड धान खरीदी, कृषक उन्नति योजना, शून्य प्रतिशत ब्याज पर कृषि ऋण, फसल विविधीकरण, सिंचाई क्षमता विस्तार और उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आदिवासी समाज के विकास के लिए तेंदूपत्ता संग्राहकों का पारिश्रमिक बढ़ाया गया, चरणपादुका योजना दोबारा शुरू की गई तथा धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान और प्रधानमंत्री जनमन योजना के माध्यम से हजारों जनजातीय गांवों तक सड़क, बिजली, पेयजल, आवास और स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि नक्सलवाद के खिलाफ सुरक्षा, विकास और जनविश्वास की रणनीति के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। रायपुर में पुलिस कमिश्नरेट प्रणाली लागू की गई है और साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए नए साइबर थाने स्थापित किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नई औद्योगिक नीति के कारण राज्य को 8.23 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। सेमीकंडक्टर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), AI-SEZ, डेटा सेंटर पार्क और इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण जैसे क्षेत्रों में छत्तीसगढ़ तेजी से आगे बढ़ रहा है।

ऊर्जा क्षेत्र में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत 76 हजार से अधिक घरों में सौर संयंत्र लगाए गए हैं, जबकि मुख्यमंत्री बिजली बिल समाधान योजना से 12 लाख से अधिक उपभोक्ताओं को राहत मिली है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि डिजिटल अधोसंरचना, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय कार्य हुए हैं। 829 मोबाइल टावर, भारतनेट फेज-3.0, आयुष्मान भारत योजना, सेवा सेतु, ई-डिस्ट्रिक्ट, ऑटो म्यूटेशन और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 जैसी पहलें सुशासन को मजबूत कर रही हैं।

अपने संबोधन के अंत में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विश्वास जताया कि जनता का अटूट भरोसा सरकार के साथ है और विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को पूरा करने के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts