रायपुर, 18 जुलाई 2026

राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र स्थित संजय नगर (मदनी चौक) में एक ही परिवार के पांच लोगों की संदिग्ध मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतकों में साजिद अली (50), उनकी पत्नी राबिया तथा तीन बच्चे इरशाद अली, शाहिदा बेगम और इरशाबा परवीन शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, साजिद अली का शव घर के अंदर फंदे पर लटका मिला, जबकि उनकी पत्नी और तीनों बच्चों की मौत विषाक्त पदार्थ (जहर) के सेवन से होने की आशंका जताई जा रही है।

बताया जा रहा है कि परिवार संजय नगर के मदनी चौक स्थित किराए के मकान में रहता था। सूचना मिलने पर टिकरापारा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और एफएसएल टीम को भी बुलाया गया। टीम घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है।

पुलिस का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और मौत के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। मर्ग कायम कर मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts