रायपुर,18 जुलाई 2026
राजधानी रायपुर के खमतराई रेलवे क्रॉसिंग पर शनिवार सुबह एक युवक ने कथित तौर पर साउथ बिहार एक्सप्रेस के सामने छलांग लगा दी। लोको पायलट ने तत्काल इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोक दी, लेकिन युवक ट्रेन की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, आरा से दुर्ग जा रही साउथ बिहार एक्सप्रेस जब श्रीनगर रेलवे क्रॉसिंग के पास पहुंची, तभी युवक ने ट्रेन के सामने छलांग लगा दी। हादसे में युवक के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं।
घटना के बाद लोको पायलट ने ट्रेन रोक दी, जिससे करीब 15 मिनट तक रेल परिचालन प्रभावित रहा। सूचना मिलते ही खमतराई पुलिस और रेलवे अधिकारी मौके पर पहुंचे।
स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को रेलवे ट्रैक से हटाकर अस्पताल भेजने की तैयारी की गई। फिलहाल युवक की पहचान नहीं हो सकी है और उसने यह कदम क्यों उठाया, इसकी जांच की जा रही है।


