रायपुर, 22 जुलाई 2026
राजधानी रायपुर के कोतवाली थाना क्षेत्र में स्थित महिला थाना के पास बुधवार सुबह एक युवक का खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान नेहरू नगर निवासी प्रकाश के रूप में हुई है। शव के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलने पर एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य और सैंपल एकत्र किए, जबकि पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा।
पुलिस हत्या के कारणों और आरोपियों की तलाश में जुट गई है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि घटना से जुड़े अहम सुराग मिल सकें।
फिलहाल कोतवाली पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के कारणों और घटना की वास्तविक परिस्थितियों का खुलासा हो सकेगा।


