बिलासपुर,22 जुलाई 2026
छत्तीसगढ़ राज्य वन विकास निगम की टीम ने सागौन लकड़ी की अवैध तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 11 सागौन लट्ठे, एक पिकअप वाहन और मोटरसाइकिल जब्त की है। इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ भारतीय वन संरक्षण अधिनियम, 1927 की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
जानकारी के अनुसार, भैंसाझार परिक्षेत्र के कलमीटार बीट स्थित कक्ष क्रमांक पी-1586 से जोगीपुर-रतनपुर मार्ग पर गश्त के दौरान वन विकास निगम की टीम ने अवैध रूप से परिवहन की जा रही सागौन लकड़ी पकड़ी। कार्रवाई के दौरान 11 सागौन लट्ठों से भरा पिकअप वाहन (CG-10 CA-5582) और मोटरसाइकिल (CG-28 N-3192) जब्त की गई।
वन विभाग ने मौके से नीलकुमार घृतलहरे (ग्राम बांधा), ललित साहू (ग्राम राजपुर), लालसिंह यादव (ग्राम चनाडोंगरी काठाकोनी) और दुर्गेश पाली (ग्राम चनाडोंगरी) को गिरफ्तार किया।
वन विकास निगम ने बताया कि अवैध कटाई, अतिक्रमण और अवैध उत्खनन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सभी परियोजना मंडलों में दिन और रात नियमित गश्त कराई जा रही है। इसी अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ भारतीय वन संरक्षण अधिनियम, 1927 की धारा 32(क) एवं 32(ग) के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


