बालोद,23 जुलाई 2026
छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के डौंडीलोहारा थाना क्षेत्र स्थित एक मिडिल स्कूल में 12 वर्षीय छात्र के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि शॉर्ट रिसेस के बाद महज एक मिनट देरी से कक्षा में पहुंचने पर शिक्षक ने छात्र के साथ गाली-गलौज की और उसकी पिटाई कर दी।
परिजनों के अनुसार, स्कूल में पदस्थ शिक्षक लोकेश्वर निषाद ने कक्षा 7वीं के छात्र को पीट दिया, जिससे उसके सिर पर चोट आई। घटना के बाद छात्र को तत्काल डौंडीलोहारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उसका उपचार कराया गया।
घटना के बाद छात्र के परिजनों ने डौंडीलोहारा थाना में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2) और 296 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। घटना के बाद स्कूल के छात्र-छात्राओं और अभिभावकों में नाराजगी और चिंता का माहौल है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


