रायपुर,1 नवंबर 2026
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग 2026 का खिताबी मुकाबला अब मैनपाट टाइटन्स और संस्कारधानी स्ट्राइकर्स के बीच खेला जाएगा। शनिवार को खेले गए रोमांचक सेमीफाइनल मुकाबलों में दोनों टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह पक्की कर ली। दूसरे सेमीफाइनल में प्रदीप मोर की मैनपाट टाइटन्स ने चिंगलेनसाना सिंह की बैलाडीला बुल्स को 3-1 से हराकर खिताबी मुकाबले का टिकट हासिल किया। वहीं, पहले सेमीफाइनल में संस्कारधानी स्ट्राइकर्स ने न्यायधानी नाइट्स को 6-3 से करारी शिकस्त दी।
दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले को देखने उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री अरुण साव, विधायक श्री अनुज शर्मा, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव श्री यशवंत कुमार सहित कई गणमान्य अतिथि स्टेडियम पहुंचे।
मैनपाट टाइटन्स ने 3-1 से दर्ज की शानदार जीत
मैनपाट टाइटन्स और बैलाडीला बुल्स के बीच दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला काफी प्रतिस्पर्धात्मक रहा। दोनों टीमों ने बेहतरीन हॉकी का प्रदर्शन किया और मजबूत डिफेंस के दम पर एक-दूसरे को गोल करने के ज्यादा मौके नहीं दिए।
मैनपाट टाइटन्स की ओर से संदीप कुमार ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर टीम का खाता खोला। पहले हाफ तक मैनपाट ने 1-0 की बढ़त बनाए रखी।
इसके बाद मोहित नायक को गोल करने के दो अच्छे मौके मिले, लेकिन बैलाडीला के गोलकीपर दलेश्वर यादव ने शानदार बचाव करते हुए उनके प्रयासों को नाकाम कर दिया। दूसरी ओर बैलाडीला के जसकरण सिंह भी पेनल्टी कॉर्नर को गोल में नहीं बदल सके। मैनपाट के गोलकीपर अल्फाज खान ने बेहतरीन बचाव किया।
मुकाबले में निर्णायक मोड़ तब आया, जब प्रिंस भगत ने शानदार डिफ्लेक्शन के जरिए गोल दागकर मैनपाट की बढ़त 2-0 कर दी। इसके बाद प्रिंस ने अपना दूसरा गोल करते हुए स्कोर 3-0 पहुंचा दिया। मैच के अंतिम क्षणों में बैलाडीला के अंकित कुजूर ने सांत्वना गोल किया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। मैनपाट ने मुकाबला 3-1 से जीत लिया।
संस्कारधानी स्ट्राइकर्स ने न्यायधानी नाइट्स को 6-3 से हराया
दिन का पहला सेमीफाइनल बेहद रोमांचक रहा। अंडरडॉग मानी जा रही संस्कारधानी स्ट्राइकर्स ने शानदार खेल दिखाते हुए न्यायधानी नाइट्स को 6-3 से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया।
मुकाबले की शुरुआत से ही दोनों टीमों के बीच जबरदस्त टक्कर देखने को मिली। पहले क्वार्टर में संस्कारधानी के शाहरुख ने फ्लिक के जरिए शानदार गोल किया। इसके जवाब में न्यायधानी के आदर्श ने फील्ड गोल कर स्कोर 1-1 कर दिया। इसके बाद चिराग ने गोल दागकर न्यायधानी को 2-1 की बढ़त दिलाई।
दूसरे क्वार्टर में मुकाबला और तेज हो गया। न्यायधानी के आशीष तानी पूर्ति ने पेनल्टी कॉर्नर से गोल करते हुए लीग में अपना 13वां गोल पूरा किया और टूर्नामेंट के सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी बन गए। इसके बाद अरबाज अली ने भी शानदार गोल दागा।
तीसरे क्वार्टर में संस्कारधानी के शाहरुख ने शानदार फील्ड गोल करके स्कोर बराबर कर दिया। इसके बाद उन्होंने रिबाउंड पर एक और गोल दागकर अपनी हैट्रिक पूरी की और टीम को बढ़त दिलाई।
आखिरी क्वार्टर में संस्कारधानी ने पक्की की जीत
अंतिम क्वार्टर में संस्कारधानी स्ट्राइकर्स ने अपना आक्रामक खेल जारी रखा। आर्यन ज़ेस ने शानदार पास को गोल में बदलकर टीम का पांचवां गोल किया। इसके बाद ओम कुमार यादव और निशांत तिर्की ने भी गोल दागे। इस तरह संस्कारधानी स्ट्राइकर्स ने मुकाबला 6-3 से अपने नाम कर लिया।
अब फाइनल में मैनपाट और संस्कारधानी के बीच होगी खिताबी भिड़ंत
दोनों सेमीफाइनल मुकाबलों के नतीजों के बाद अब छत्तीसगढ़ हॉकी लीग 2026 के फाइनल में मैनपाट टाइटन्स और संस्कारधानी स्ट्राइकर्स आमने-सामने होंगी। दोनों टीमों ने सेमीफाइनल में दमदार प्रदर्शन कर खिताबी मुकाबले में जगह बनाई है। अब दर्शकों की निगाहें फाइनल मुकाबले पर टिकी हैं, जहां लीग के पहले चैंपियन का फैसला होगा।


