रायपुर, 30 सितंबर 2026
छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग, नवा रायपुर ने नगरपालिकाओं एवं त्रिस्तरीय पंचायतों के आम/उप निर्वाचन दिसंबर 2026 के लिए निर्वाचक नामावली तैयार करने का पुनरीक्षण कार्यक्रम जारी कर दिया है। मतदाता सूची को निर्धारित प्रक्रिया के तहत तैयार कर अंतिम रूप दिया जाएगा।
राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह ने बताया कि नगरपालिका आम निर्वाचन के लिए कुल 417 पदों के लिए निर्वाचक नामावली पुनरीक्षण कार्यक्रम जारी किया गया है। इनमें 04 नगर निगमों के महापौर, 13 अध्यक्ष और 400 पार्षद पद शामिल हैं। संबंधित नगर निगम भिलाई, भिलाई-चरौदा, रिसाली और बीरगांव हैं।
इसके अलावा नगरपालिका उप निर्वाचन के लिए 01 अध्यक्ष और 06 पार्षद पदों की निर्वाचक नामावली का भी पुनरीक्षण किया जाएगा।
इसी तरह त्रिस्तरीय पंचायतों के लिए कुल 814 पदों के लिए निर्वाचक नामावली पुनरीक्षण कार्यक्रम जारी किया गया है। इनमें 01 जनपद पंचायत सदस्य, 92 सरपंच और 721 पंच पद शामिल हैं।
1 अक्टूबर 2026 होगी संदर्भ तिथि
राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार निर्वाचक नामावली 01 अक्टूबर 2026 की संदर्भ तिथि के आधार पर तैयार की जा रही है। निर्वाचक नामावली का प्रारंभिक प्रकाशन 23 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा। इसके बाद मतदाताओं से दावा-आपत्ति प्राप्त की जाएगी और निर्धारित प्रक्रिया के तहत उनका निराकरण किया जाएगा।
दावा-आपत्ति के निराकरण के बाद 30 नवंबर 2026 को निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।
33 जिलों के लिए नियुक्त होंगे निर्वाचक नामावली प्रेक्षक
राज्य निर्वाचन आयोग ने निर्वाचक नामावली पुनरीक्षण कार्य को त्रुटिरहित, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरा करने की तैयारी की है। इसके लिए प्रदेश के सभी 33 जिलों में कुल 33 निर्वाचक नामावली प्रेक्षक नियुक्त किए जाएंगे।


