रायपुर, 08 अक्टूबर 2026

छत्तीसगढ़ में दिसंबर 2026 में प्रस्तावित नगरीय निकाय एवं त्रिस्तरीय पंचायत आम और उप निर्वाचन की तैयारियां तेज हो गई हैं। राज्य निर्वाचन आयोग में राज्य निर्वाचन आयुक्त श्री अजय सिंह ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर निर्वाचन तैयारियों की जानकारी ली।

बैठक में सामान्य प्रशासन विभाग, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग से रिक्त पदों, आरक्षण और परिसीमन की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली गई। इसके साथ ही निर्वाचन के लिए आवश्यक मानव संसाधन की उपलब्धता की भी समीक्षा की गई।

राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा स्थानीय निकायों के निर्वाचन के लिए निर्वाचक नामावली पुनरीक्षण कार्यक्रम जारी किया जा चुका है। निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन 30 नवंबर 2026 को किया जाएगा।

पंचायत निर्वाचन की तैयारियां

पंचायत निर्वाचन के तहत सारंगढ़-बिलाईगढ़, कोरिया और कोंडागांव जिलों की 9 ग्राम पंचायतों में सरपंच तथा 126 पंच पदों के लिए आम निर्वाचन प्रस्तावित है।

इसके अलावा जनपद पंचायत सदस्य के 1 रिक्त पद, सरपंच के 92 रिक्त पद और पंच के 721 रिक्त पदों के लिए उप निर्वाचन कराया जाना है।

नगरीय निकायों में भी होगा निर्वाचन

नगरीय निकाय निर्वाचन के तहत नवगठित नगर पंचायत तमनार (जिला रायगढ़) और नगर पंचायत बड़ी करेली (जिला धमतरी) सहित कुल 15 नगरीय निकायों में आम निर्वाचन कराया जाना प्रस्तावित है।

इसके साथ ही नगरपालिक निगम भिलाई-चरौदा, रिसाली, जामुल और बिरगांव सहित संबंधित नगरीय निकायों में निर्वाचन प्रक्रिया पूरी की जाएगी। वहीं नगर पंचायत बिलाईगढ़ के अध्यक्ष पद और अलग-अलग निकायों के 6 वार्ड पार्षद पदों के लिए उप निर्वाचन भी कराया जाएगा।

समय-सीमा में पूरी होगी निर्वाचन प्रक्रिया

राज्य निर्वाचन आयोग ने सभी संबंधित विभागों और जिला प्रशासन को निर्वाचन से जुड़ी तैयारियां आपसी समन्वय से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। राज्य निर्वाचन आयुक्त श्री अजय सिंह ने कहा कि आयोग का उद्देश्य स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी और सुचारू निर्वाचन सुनिश्चित करना है। उन्होंने निर्वाचन से संबंधित सभी आवश्यक कार्यवाहियां निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

समीक्षा बैठक में राज्य निर्वाचन आयोग की सचिव श्रीमती शिखा राजपूत तिवारी, प्रमुख सचिव नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग श्री सोनमणि बोरा, सचिव पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग श्री भीम सिंह, सचिव नगरीय प्रशासन श्री अविनाश चंपावत, संचालक नगरीय प्रशासन एवं विकास श्री निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर तथा संचालक पंचायत एवं ग्रामीण विकास श्रीमती प्रियंका महोबिया उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts