रायपुर, 26 नवंबर 2026

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि छत्तीसगढ़ के कंटेंट क्रिएटर्स प्रदेश के डिजिटल ब्रांड एंबेसडर हैं। वे अपने कैमरे और रचनात्मकता के माध्यम से छत्तीसगढ़ की लोककला, संस्कृति, खान-पान, पर्यटन स्थलों और छत्तीसगढ़ी भाषा को देश-दुनिया में नई पहचान दिला रहे हैं। मुख्यमंत्री बुधवार को राजधानी रायपुर के होटल बेबीलॉन इंटरनेशनल में आयोजित छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिएटर एंड इन्फ्लुएंसर अवॉर्ड्स 2026 में शामिल हुए।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने युवा क्रिएटर्स के साथ पॉडकास्ट शैली में संवाद किया और उनके सवालों के जवाब देते हुए अपने राजनीतिक, सामाजिक और व्यक्तिगत जीवन के अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म आज सूचना एवं संवाद के प्रभावी माध्यम बन चुके हैं। कंटेंट क्रिएटर्स मनोरंजन के साथ सामाजिक जागरूकता और जनहित के विषयों को भी लाखों लोगों तक पहुंचा सकते हैं।

जनता की पसंद से चुने गए क्रिएटर्स, 16 मुख्य श्रेणियों में पुरस्कार

कार्यक्रम में सार्वजनिक वोटिंग के माध्यम से जनता ने अपने पसंदीदा कंटेंट क्रिएटर्स का चयन किया। इस आयोजन में 16 मुख्य श्रेणियों और 46 उपश्रेणियों में पुरस्कार प्रदान किए गए। फूड, संस्कृति, स्वास्थ्य, शिक्षा, लाइफस्टाइल सहित विभिन्न क्षेत्रों में डिजिटल माध्यम से उल्लेखनीय योगदान देने वाले क्रिएटर्स को सम्मानित किया गया।

पंच से मुख्यमंत्री तक का सफर, जिम्मेदारियों ने सिखाया जीवन का बड़ा पाठ

युवा क्रिएटर्स के साथ संवाद के दौरान मुख्यमंत्री साय ने अपने सार्वजनिक जीवन के सफर के बारे में बताया। पंच से निर्विरोध सरपंच, विधायक, सांसद, केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री बनने तक के अनुभव साझा करते हुए उन्होंने कहा कि कम उम्र में पिता के निधन के बाद परिवार की जिम्मेदारी उनके कंधों पर आ गई थी।

पढ़ाई के साथ परिवार की जिम्मेदारियां निभाते हुए वे सार्वजनिक जीवन में आए। गांव के लोगों ने उन्हें पहले पंच और फिर सरपंच चुना। इसके बाद जनता के आशीर्वाद से विधायक, सांसद, केंद्रीय मंत्री और अब मुख्यमंत्री के रूप में प्रदेश की सेवा करने का अवसर मिला।

किसानों की समृद्धि सरकार की प्राथमिकता, 3100 रुपये प्रति क्विंटल में धान खरीदी

खेती-किसानी से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि वे किसान परिवार से आते हैं और खेती को करीब से समझते हैं। खेती ने उन्हें धैर्य, परिश्रम और जमीन से जुड़े रहने की सीख दी है।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान की खरीदी 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से कर रही है। इसके अलावा पात्रता के अनुसार 21 क्विंटल प्रति एकड़ से कम धान बेचने वाले किसानों को भी आदान सहायता का लाभ दिया जा रहा है।

नक्सलवाद के विरुद्ध निर्णायक सफलता, बस्तर में शांति और विश्वास का नया वातावरण

नक्सलवाद के खात्मे से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि 31 मार्च 2026 छत्तीसगढ़ के लिए ऐतिहासिक दिन रहा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के संकल्प और सुरक्षा बलों के जवानों के अदम्य साहस से नक्सलवाद के विरुद्ध निर्णायक सफलता मिली है।

उन्होंने कहा कि बस्तर की कई पीढ़ियों ने हिंसा का दर्द सहा है। अब वहां शांति और विश्वास का नया वातावरण बन रहा है। सरकार का लक्ष्य है कि बस्तर का हर बच्चा बिना डर के स्कूल जाए, हर युवा अपने सपने पूरे करे और प्रत्येक परिवार खुशहाली के साथ जीवन बिताए।

बस्तर में 34 लाख लोगों की स्वास्थ्य जांच, गांव-गांव पहुंच रही सरकारी सुविधाएं

मुख्यमंत्री ने बस्तर में संचालित विकास योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि नियद नेल्लानार योजना के माध्यम से दूरस्थ गांवों तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं। राशन दुकानों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ दूरसंचार सुविधाओं का भी विस्तार किया जा रहा है।

स्वस्थ बस्तर अभियान के अंतर्गत अब तक 34 लाख लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई है। वहीं, बस्तर मुन्ने यानी अग्रणी बस्तर अभियान के माध्यम से प्रशासन गांव-गांव पहुंचकर लोगों के राशन कार्ड, आधार कार्ड और जॉब कार्ड बनवाने जैसी सुविधाएं उपलब्ध करा रहा है, ताकि पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।

युवाओं के लिए रोजगार, कौशल विकास और उद्यमिता के नए अवसर

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ युवाओं का प्रदेश है। युवाओं के लिए सरकारी नौकरियों के साथ उद्योग, आईटी, पर्यटन, स्टार्टअप और सेवा क्षेत्र में भी रोजगार के अवसर तैयार किए जा रहे हैं।

नई औद्योगिक नीति के माध्यम से निवेश और रोजगार को प्रोत्साहित किया जा रहा है। एक हजार रोजगार उपलब्ध कराने वाले उद्यमियों के लिए विशेष प्रोत्साहन और रियायतों का प्रावधान किया गया है। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति वर्ग के युवाओं और महिलाओं के लिए भी विशेष प्रावधान किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में प्रयास आवासीय विद्यालय संचालित हैं और विभिन्न जिलों में निःशुल्क कोचिंग की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इसके अलावा 38 नालंदा परिसर विकसित किए जा रहे हैं, जहां युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर अध्ययन सुविधाएं मिलेंगी। बस्तर में जगारगुंडा और ओरछा में एजुकेशन सिटी तथा गीदम में मेडिकल कॉलेज जैसी पहल भी की जा रही हैं।

2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य के साथ विकसित छत्तीसगढ़ का विजन

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य रखा है। इसी संकल्प के अनुरूप छत्तीसगढ़ को विकसित राज्य बनाने के लिए विजन डॉक्यूमेंट तैयार किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ देश के मध्य में स्थित है और चार महानगरों से इसकी बेहतर कनेक्टिविटी है। प्रदेश प्राकृतिक संसाधनों, खनिज संपदा और वन संपदा से समृद्ध है। यहां लौह अयस्क, कोयला, लिथियम और हीरे जैसे महत्वपूर्ण खनिज उपलब्ध हैं। छत्तीसगढ़ देश का एकमात्र टिन उत्पादक राज्य है। उन्होंने बताया कि राज्य में सरकार बनने के बाद से खनिज राजस्व में 5 हजार करोड़ रुपये की वृद्धि हुई है।

क्रिएटर्स से पर्यटन और स्थानीय उत्पादों को डिजिटल पहचान दिलाने की अपील

मुख्यमंत्री ने कंटेंट क्रिएटर्स से अपील की कि वे बस्तर और सरगुजा की प्राकृतिक सुंदरता, जनजातीय संस्कृति और पर्यटन स्थलों को अपने कंटेंट के माध्यम से देश-दुनिया तक पहुंचाएं।

उन्होंने कहा कि महिला स्व-सहायता समूहों और लखपति दीदियों के उत्पादों को डिजिटल मार्केटिंग और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए बड़े बाजारों तक पहुंचाने में भी क्रिएटर्स महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उनकी एक रील किसी महिला के छोटे व्यवसाय को नई पहचान दिलाकर उसके परिवार के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला सकती है।

मुख्यमंत्री ने युवाओं को नशे से दूर रहने, मोबाइल और इंटरनेट का उपयोग सीखने तथा अपनी प्रतिभा को आगे बढ़ाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि तकनीक का उपयोग हमें करना चाहिए, न कि तकनीक हमें नियंत्रित करे। युवाओं को व्यायाम, खेलकूद और परिवार के साथ समय बिताने के लिए भी प्रेरित किया।

युवा क्रिएटर्स के साथ सेल्फी, पुरस्कार विजेताओं को दी बधाई

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने युवा कंटेंट क्रिएटर्स के साथ आत्मीय संवाद किया और उनके सवालों के जवाब दिए। उन्होंने क्रिएटर्स को छत्तीसगढ़ की सकारात्मक पहचान, लोकसंस्कृति, पर्यटन, जनजातीय परंपराओं और विकास की कहानियों को डिजिटल माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि क्रिएटर्स के हाथ में केवल मोबाइल या कैमरा नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की नई पहचान गढ़ने की ताकत है। उन्होंने सभी पुरस्कार विजेताओं को बधाई और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उन्होंने युवा क्रिएटर्स के साथ सेल्फी भी खिंचवाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts