रायपुर, 19 जुलाई 2026

नई दिल्ली के होटल ताज में आयोजित FAITH Conclave 2026 में छत्तीसगढ़ पर्यटन ने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुति देकर राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर प्रदेश की मजबूत पहचान दर्ज कराई। सम्मेलन में देशभर के पर्यटन एवं हॉस्पिटेलिटी विशेषज्ञों, ट्रैवल एजेंट्स, टूर ऑपरेटर्स, मीडिया प्रतिनिधियों और पर्यटन उद्योग से जुड़े हितधारकों ने भाग लिया।

सम्मेलन के दौरान छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष नीलू शर्मा और छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड के प्रबंध संचालक विवेक आचार्य ने प्रदेश की प्राकृतिक, सांस्कृतिक, धार्मिक, जनजातीय और साहसिक पर्यटन संभावनाओं का विस्तृत प्रस्तुतीकरण किया। उन्होंने बताया कि घने वन, जलप्रपात, पुरातात्विक धरोहर, वन्यजीव संपदा और आध्यात्मिक स्थल छत्तीसगढ़ को देश के सबसे विशिष्ट पर्यटन गंतव्यों में शामिल करते हैं।

पैनल चर्चा में पर्यटन अधोसंरचना, नई पर्यटन नीतियों, निजी निवेश, ईको-टूरिज्म, होम-स्टे, हेरिटेज टूरिज्म, धार्मिक पर्यटन और सतत पर्यटन विकास जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान देश-विदेश से आए प्रतिनिधियों को छत्तीसगढ़ भ्रमण का आमंत्रण भी दिया गया।

नीलू शर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ अब केवल प्राकृतिक सौंदर्य का प्रदेश नहीं, बल्कि अनुभव आधारित पर्यटन का उभरता हुआ केंद्र बन रहा है। राज्य सरकार पर्यटन को रोजगार, निवेश और स्थानीय आर्थिक विकास का प्रभावी माध्यम बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

वहीं विवेक आचार्य ने कहा कि डिजिटल प्रचार-प्रसार, पर्यटन अधोसंरचना, निवेश अनुकूल वातावरण, निजी भागीदारी और गुणवत्तापूर्ण सेवाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने पर्यटन उद्योग से जुड़े प्रतिनिधियों को छत्तीसगढ़ में नई साझेदारियों और निवेश के अवसरों का लाभ उठाने का आह्वान किया।

सम्मेलन में मौजूद विशेषज्ञों और ट्रैवल उद्योग के प्रतिनिधियों ने छत्तीसगढ़ पर्यटन की प्रस्तुति की सराहना करते हुए माना कि प्राकृतिक, सांस्कृतिक, धार्मिक, जनजातीय और साहसिक पर्यटन के क्षेत्र में राज्य के पास अपार संभावनाएं हैं।

FAITH Conclave 2026 में छत्तीसगढ़ की भागीदारी को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पर्यटन नेटवर्क से जुड़ने, नए निवेश आकर्षित करने और “अनदेखा भारत” के रूप में प्रदेश की विशिष्ट पहचान को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts