रायपुर,18 नवम्बर 2026
छत्तीसगढ़ में आयकर विभाग ने बुधवार, 18 नवंबर 2026 की सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रदेश के पांच जिलों में एक साथ छापेमारी की। विभाग की 16 अलग-अलग टीमों ने रायपुर, रायगढ़, दुर्ग, बिलासपुर और जांजगीर-चांपा में कई कारोबारियों और औद्योगिक प्रतिष्ठानों के ठिकानों पर दबिश दी। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, यह कार्रवाई कर चोरी की सूचना के आधार पर की जा रही है।
सुबह 5 बजे से शुरू हुई दस्तावेजों की जांच
जानकारी के अनुसार, आयकर विभाग ने इस कार्रवाई के लिए 16 टीमें गठित की थीं। इन टीमों ने बुधवार तड़के एक साथ अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी शुरू की। रायगढ़ में बर्बरीक कंपनी, सन स्टील और रायगढ़ इस्पात के कार्यालयों के साथ संचालकों के घरों और औद्योगिक परिसरों को भी जांच के दायरे में लिया गया है।
बताया जा रहा है कि रायगढ़ इस्पात के मालिक श्रवण अग्रवाल और कमल अग्रवाल के घर, कार्यालय और उद्योग में भी आयकर विभाग की टीमों ने दबिश दी है। यहां सुबह करीब पांच बजे से टैक्स से संबंधित दस्तावेजों और रिकॉर्ड की जांच की जा रही है।
रायपुर में PRA ग्रुप के कार्यालय सहित कई ठिकानों पर छापा
राजधानी रायपुर में भी आयकर विभाग की कार्रवाई जारी है। चंदखुरी के बहेनाकाड़ी गांव स्थित एक फैक्ट्री में अधिकारियों ने दबिश दी है। इसके अलावा तेलीबांधा रिंग रोड-1 स्थित PRA ग्रुप के कार्यालय में भी छापेमारी की गई है।
वहीं, रायपुर के रिंग रोड, शंकर नगर और खम्हारडीह इलाकों में भी आयकर विभाग की कार्रवाई की खबर सामने आई है। अलग-अलग स्थानों पर अधिकारियों द्वारा दस्तावेजों और वित्तीय रिकॉर्ड की जांच की जा रही है।
जांच के बाद हो सकते हैं बड़े खुलासे
प्रदेश के पांच जिलों में एक साथ हुई इस कार्रवाई से कारोबारी और औद्योगिक जगत में हलचल मच गई है। फिलहाल आयकर विभाग की ओर से छापेमारी को लेकर कोई विस्तृत आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की गई है।
अब सभी की नजरें आयकर विभाग की जांच पर टिकी हुई हैं। जांच पूरी होने के बाद कर चोरी, वित्तीय लेन-देन और कारोबारी रिकॉर्ड से जुड़े अहम खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।


