इंडोनेशिया,15 अगस्त 2026

इंडोनेशिया के पूर्वी हिस्से में शनिवार तड़के 7.7 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप से हड़कंप मच गया। भूकंप के तेज झटकों से कई इलाकों में अफरा-तफरी मच गई और कई घरों तथा इमारतों को नुकसान पहुंचा। अब तक 20 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई अन्य लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है।

अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार भूकंप स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 5:58 बजे आया। इसका केंद्र इंडोनेशिया के पूर्वी नुसा तेंगारा प्रांत में आने वाले एंडे शहर से करीब 68 किलोमीटर उत्तर-उत्तर-पश्चिम में समुद्र के नीचे स्थित था। भूकंप की गहराई करीब 10 किलोमीटर बताई गई है।

भूकंप के बाद सुनामी का अलर्ट

शक्तिशाली भूकंप के बाद सुनामी की आशंका को देखते हुए तटीय इलाकों में चेतावनी जारी की गई थी। प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से समुद्र तट और नदी किनारे से दूर रहने तथा सुरक्षित ऊंचे स्थानों पर जाने की अपील की।

हालांकि, शुरुआती खतरे के बाद जारी की गई सुनामी चेतावनी को बाद में वापस ले लिया गया

कई आफ्टरशॉक ने बढ़ाई चिंता

मुख्य भूकंप के बाद इलाके में कई आफ्टरशॉक भी दर्ज किए गए। इनमें 5.9, 5.6 और 6.1 तीव्रता के झटके शामिल हैं। इन झटकों का असर फ्लोरेस द्वीप के बड़े हिस्से में महसूस किया गया।

लगातार आ रहे झटकों के कारण स्थानीय लोगों में डर का माहौल है। प्रशासन और राहत एजेंसियां प्रभावित इलाकों पर नजर बनाए हुए हैं।

इंडोनेशिया में भूकंप का बड़ा खतरा

करीब 17 हजार से अधिक द्वीपों वाला इंडोनेशिया दुनिया के उन देशों में शामिल है जहां भूकंप और ज्वालामुखीय गतिविधियां लगातार होती रहती हैं। वैज्ञानिकों के अनुसार क्षेत्र की भूगर्भीय स्थिति के कारण यहां भूकंप का खतरा बना रहता है।

फिलहाल प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है। प्रभावित क्षेत्रों में नुकसान का आकलन और राहत-बचाव कार्य जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts