रायपुर, 08 अक्टूबर 2026

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित सेवा संकल्प अभियान के तहत कबीरधाम जिले में भव्य सेवा ज्योति यात्रा निकाली गई। यात्रा में उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा, पंडरिया विधायक भावना बोहरा, फिल्म विकास निगम की अध्यक्ष मोना सेन सहित जनप्रतिनिधियों और हजारों नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

यात्रा से पहले शासकीय पीजी कॉलेज के डोम में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के संबोधन को उपस्थित नागरिकों ने सुना। इसके बाद सेवा ज्योति यात्रा निर्धारित मार्ग से होते हुए सेवा ज्योति चौक पहुंची।

यात्रा में सामाजिक संगठनों, युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों सहित बड़ी संख्या में जिलेवासियों ने भाग लिया। लोगों ने सेवा, जनभागीदारी और विकसित भारत-2047 के संकल्प का संदेश दिया।

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को नरेन्द्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी और 7 अक्टूबर 2026 को सरकार के मुखिया के रूप में उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह यात्रा सेवा, सुशासन, संकल्प और देश को आगे ले जाने की यात्रा रही है।

उन्होंने कहा कि संकल्प लेना महत्वपूर्ण है, लेकिन उसे धरातल पर उतारना उससे भी बड़ी बात है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विकसित भारत-2047 का संकल्प देश के सामने रखा है। वर्ष 2047 में भारत विकसित राष्ट्र बने, साथ ही छत्तीसगढ़, कबीरधाम और कवर्धा भी विकसित हों, यह सभी का सामूहिक संकल्प होना चाहिए।

श्री शर्मा ने कहा कि लक्ष्य बड़ा और रास्ता कठिन हो सकता है, लेकिन संकल्प मजबूत हो तो मंजिल हासिल की जा सकती है। सेवा ज्योति यात्रा केवल यात्रा नहीं, बल्कि जिले के विकास, सेवा और जनभागीदारी का संकल्प है। उन्होंने कहा कि जब नीयत स्पष्ट हो और 140 करोड़ देशवासियों की शक्ति साथ हो तो लक्ष्य कितना भी बड़ा क्यों न हो, “हम जरूर करबो।”

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में संकल्प स्पष्ट है कि हिंसा की जगह विकास, भय की जगह विश्वास और बंदूक की जगह शिक्षा, रोजगार व अवसर पहुंचे। उन्होंने कहा कि विकसित भारत-2047 केवल सरकार का लक्ष्य नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों का सामूहिक संकल्प है।

पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्ष का सार्वजनिक जीवन सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण की यात्रा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से सेवा और जनभागीदारी की भावना को जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है। उनका संदेश रहा कि “सेवा को उत्सव बनाइए और उत्सव को सेवा का माध्यम बनाइए।”

फिल्म विकास निगम की अध्यक्ष मोना सेन ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों तक सुविधाएं पहुंचा रही है। आवास, राशन, शौचालय और आयुष्मान भारत सहित विभिन्न योजनाओं से बड़ी संख्या में परिवार लाभान्वित हुए हैं।

उन्होंने कहा कि योजनाएं बनाना जितना जरूरी है, उतना ही जरूरी उनका लाभ सही हितग्राही और समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य केवल कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि समाज से जुड़ना, जरूरतमंदों तक पहुंचना और जनसेवा को मजबूत करना है।

जिला अध्यक्ष राजेंद्र चन्द्रवंशी ने भी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा काल और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान का उल्लेख करते हुए नागरिकों से अभियान में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। कार्यक्रम में नागरिकों ने “हम करेंगे — वी विल डू इट” के संकल्प के साथ विकसित भारत-2047 के निर्माण में सहभागिता का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, पूर्व संसदीय सचिव डॉ. सियाराम साहू, श्री जयंती पटेल, श्री मोतीराम चंद्रवंशी, नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, राज्य पुलिस प्राधिकरण के सदस्य भगत पटेल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, जनपद अध्यक्ष सुषमा गणपत बघेल, उपाध्यक्ष गणेश तिवारी, जनपद अध्यक्ष नंदनी साहू, जनपद अध्यक्ष बोडला बालका रामकिंकर वर्मा, उपाध्यक्ष नंद श्रीवास, नगर पंचायत अध्यक्ष विजय पाटिल सहित अन्य जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts