रायपुर, 17 जुलाई 2026
राजधानी रायपुर के संतोषी नगर ब्रिज के पास शुक्रवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। तेलीबांधा से आमानाका की ओर जा रहा ट्रक (RJ 31 GB 3122) अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया और करीब 15 फीट नीचे जा गिरा। इस दौरान ट्रक ने एक कार (CG 04 MA 3271) को भी टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक तेज रफ्तार में था और चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। डिवाइडर से टकराने के बाद ट्रक सड़क से नीचे जा गिरा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।

हादसे में कार को नुकसान पहुंचा, लेकिन कार सवार सुरक्षित बताए जा रहे हैं। राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से ट्रक को हटाने का कार्य शुरू किया। हादसे के कारण कुछ समय तक इस मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कराया गया।


