बलरामपुर,20 अगस्त 2026

छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में झोलाछाप डॉक्टर के इलाज के बाद 3 साल के मासूम की मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है, वहीं स्थानीय लोगों ने स्वास्थ्य व्यवस्था और कथित झोलाछाप डॉक्टरों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर सवाल उठाए हैं। बताया जा रहा है कि तीन महीने के भीतर इस तरह की यह चौथी मौत है।

मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम जमुआटांड़ का है। मृतक बच्चे की पहचान अभीस चेरवा के रूप में हुई है। बच्चे के पिता रमेश चेरवा के अनुसार, मासूम को बुखार आने पर इलाज के लिए सरनाडीह में एक व्यक्ति के पास ले जाया गया था।

परिजनों का आरोप है कि मौसमी बुखार के इलाज के दौरान इंजेक्शन लगाए जाने के बाद बच्चे की हालत अचानक बिगड़ गई। इसके बाद उसे घर ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलने के बाद कोतवाली पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

कोतवाली प्रभारी भापेंद्र साहू ने बताया कि बच्चे को बुखार आने पर परिजन इलाज के लिए सरनाडीह ले गए थे। वहां इंजेक्शन लगाए जाने के बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई और मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

तीन महीने में चौथी मौत का दावा

स्थानीय लोगों के अनुसार, कोतवाली थाना क्षेत्र में पिछले तीन महीनों के दौरान झोलाछाप डॉक्टरों के इलाज से मौत की यह चौथी घटना है। लगातार सामने आ रही घटनाओं के बाद ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं और ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

लोगों का कहना है कि बिना उचित लाइसेंस और चिकित्सा नियमों का पालन किए इलाज करने वालों पर प्रभावी कार्रवाई की जरूरत है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

स्वास्थ्य मंत्री के बयान के बाद फिर उठा मुद्दा

गौरतलब है कि हाल ही में स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने झोलाछाप डॉक्टरों को लेकर बयान देते हुए कहा था कि बिना लाइसेंस और नियम-कानून के विपरीत काम करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। अब बलरामपुर में मासूम की मौत के मामले के बाद स्थानीय स्तर पर एक बार फिर स्वास्थ्य व्यवस्था और कथित अवैध चिकित्सा प्रैक्टिस पर सवाल उठने लगे हैं।

फिलहाल, मासूम की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts