एंटरटेनमेंट डेस्क,24 सितंबर 2026
मुंबई, 24 सितंबर 2026। यूट्यूबर और स्टैंडअप कॉमेडियन समय रैना का शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट 2’ एक बार फिर विवादों में है। शो के हालिया एपिसोड में कथित तौर पर आपत्तिजनक और यौन संकेतों वाली टिप्पणी किए जाने को लेकर पैनलिस्ट मुकेश छाबड़ा के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायतकर्ता ने मामले की जांच की मांग करते हुए Netflix India की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं।
शिकायत अनुराग श्रीवास्तव ने दर्ज कराई है। उनके मुताबिक उन्होंने 22 सितंबर 2026 की शाम मुंबई के एक होटल में Netflix पर शो का लेटेस्ट एपिसोड देखा। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि एपिसोड के दौरान मुकेश छाबड़ा ने कथित तौर पर अनुचित शब्दों का इस्तेमाल किया।
शिकायत में जांच की मांग
शिकायतकर्ता ने कथित टिप्पणी को “बेहद अनुचित, आपत्तिजनक और यौन संकेतों वाली” बताते हुए मामले की जांच की मांग की है। हालांकि, शिकायत में लगाए गए आरोपों को अभी सिद्ध नहीं माना गया है।
शिकायतकर्ता ने यह भी कहा है कि किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले कई तथ्यों की पुष्टि जरूरी है। इनमें कथित बयान की वास्तविकता, आवाज और व्यक्ति की पहचान, बातचीत का पूरा संदर्भ और सही टाइमस्टैम्प शामिल हैं।
Netflix India की भूमिका पर भी सवाल
शिकायत में Netflix India पर स्ट्रीमिंग से पहले कंटेंट की समीक्षा और मंजूरी की प्रक्रिया को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं। शिकायतकर्ता ने Netflix India की कंटेंट प्रमुख मोनिका शेरगिल की भूमिका की जांच का अनुरोध भी किया है।
शिकायतकर्ता का कहना है कि यदि कथित टिप्पणी सही साबित होती है, तो इससे दर्शकों की गरिमा और बच्चों की ऑनलाइन सुरक्षा से जुड़े सवाल उठ सकते हैं। फिलहाल इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
शो के लेटेस्ट एपिसोड में ये पैनलिस्ट थे शामिल
‘इंडियाज गॉट लेटेंट 2’ के संबंधित एपिसोड में नवाजुद्दीन सिद्दीकी, भुवन बाम, मुकेश छाबड़ा और कौस्तुभ अग्रवाल बतौर पैनलिस्ट शामिल हुए थे।
पहले भी विवादों में रहा है ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’
समय रैना का यह शो पहले भी कई विवादों को लेकर चर्चा में रहा है। ‘इंडियाज गॉट लेटेंट 2’ के एपिसोड 5 में कॉमेडियन शैरन वर्मा भी पैनल का हिस्सा थीं। रोस्टिंग के दौरान बिहार और कश्मीरी पंडितों से जुड़े कथित संदर्भों को लेकर सोशल मीडिया पर वीडियो क्लिप वायरल हुए थे और इस पर विवाद हुआ था।
शो के पहले सीजन को लेकर भी कथित आपत्तिजनक जोक्स और अन्य बयानों को लेकर विवाद सामने आ चुके हैं। अब नए एपिसोड को लेकर दर्ज शिकायत के बाद एक बार फिर शो चर्चा में है।


