रायपुर, 24 सितंबर 2026
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि युवा शक्ति विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण की सबसे बड़ी ताकत है। युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा, नवाचार और सेवा भावना को सही दिशा देकर समाज और राष्ट्र में बड़े बदलाव लाए जा सकते हैं। मुख्यमंत्री ने रायपुर के पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के राज्य स्तरीय स्थापना दिवस एवं सम्मान समारोह में यह बात कही।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना युवाओं में सेवा, अनुशासन, नेतृत्व और सामाजिक उत्तरदायित्व के संस्कार विकसित करने का सशक्त माध्यम है। एनएसएस से जुड़ने वाले युवा समाज की समस्याओं को समझने, जिम्मेदारी लेने और समाधान के लिए आगे आने की सीख प्राप्त करते हैं। उन्होंने स्थापना दिवस पर सभी स्वयंसेवकों को शुभकामनाएं दीं और उत्कृष्ट सेवा कार्य करने वाले स्वयंसेवकों को सम्मानित किया।
सेवा संकल्प अभियान में सक्रिय भूमिका निभाएं युवा
मुख्यमंत्री साय ने एनएसएस स्वयंसेवकों से प्रदेश में चल रहे सेवा संकल्प अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता, रक्तदान, वृक्षारोपण, जल संरक्षण, नशामुक्ति और स्वास्थ्य जागरूकता जैसे अभियानों को जनआंदोलन बनाने में युवा महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
उन्होंने बताया कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। एनएसएस स्वयंसेवक महाविद्यालय और विश्वविद्यालय परिसरों के साथ-साथ गांवों, बस्तियों और शहरों में लोगों को सेवा कार्यों से जोड़ें।
युवाओं के लिए शिक्षा और रोजगार के बढ़ रहे अवसर
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं की आकांक्षाओं के अनुरूप शिक्षा, शासकीय सेवा, रोजगार, उद्यमिता, खेल और आधुनिक तकनीक के क्षेत्र में अवसर बढ़ा रही है। भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता और अनुचित साधनों को रोकने के लिए व्यवस्थाएं मजबूत की गई हैं।
उन्होंने बताया कि पुलिस विभाग में करीब 7 हजार युवाओं की भर्ती की गई है। व्याख्याता, शिक्षक और सहायक शिक्षक के पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है। बिजली कंपनियों में 1,235 पदों पर भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई है। उच्च शिक्षा के क्षेत्र में 430 लैब अटेंडेंट को नियुक्ति पत्र दिए गए हैं।
नई औद्योगिक नीति में स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने कहा कि नई औद्योगिक विकास नीति 2024-30 में निवेश के साथ रोजगार सृजन को प्राथमिकता दी गई है। पिछले डेढ़ वर्षों में प्रदेश को 8.25 लाख करोड़ रुपए से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं।
उन्होंने कहा कि स्थानीय युवाओं को रोजगार देने के लिए नीति में विशेष प्रावधान किए गए हैं। एक हजार स्थानीय लोगों को रोजगार देने वाले उद्यमों के लिए विशेष प्रोत्साहन की व्यवस्था की गई है।
2030 तक 5 हजार स्टार्टअप को बढ़ावा देने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री साय ने युवाओं से केवल नौकरी पाने के बजाय रोजगार देने वाले उद्यमी बनने का आह्वान किया। नवाचार एवं स्टार्टअप प्रोत्साहन नीति 2025-30 के तहत वर्ष 2030 तक प्रदेश में 5 हजार स्टार्टअप को प्रोत्साहित करने का लक्ष्य रखा गया है।
6 लाख विद्यार्थियों को मिलेगा AI प्रशिक्षण
मुख्यमंत्री ने कहा कि भविष्य में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की भूमिका शिक्षा, उद्योग, स्वास्थ्य, कृषि और प्रशासन सहित विभिन्न क्षेत्रों में बढ़ेगी। इसी उद्देश्य से मुख्यमंत्री AI मिशन के लिए 500 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। इसके तहत प्रदेश के 6 लाख विद्यार्थियों को AI प्रशिक्षण देने का लक्ष्य है।
युवाओं और खिलाड़ियों के लिए बढ़ रहे अवसर
प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए प्रदेश में नालंदा परिसरों का निर्माण किया जा रहा है। वहीं दिल्ली स्थित ट्राइबल यूथ हॉस्टल की क्षमता बढ़ाकर 200 सीट की गई है। मुख्यमंत्री ने बताया कि इस बार हॉस्टल के 13 विद्यार्थियों ने UPSC प्रारंभिक परीक्षा उत्तीर्ण की है।
उन्होंने कहा कि खेल प्रतिभाओं को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। प्रदेश के 156 उत्कृष्ट खिलाड़ियों के लिए शासकीय नौकरी का रास्ता साफ किया गया है।
उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक और रचनात्मक कार्यों में लगाने का अवसर देती है। इससे युवाओं में नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और सामाजिक उत्तरदायित्व विकसित होता है।
समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले एनएसएस स्वयंसेवकों को सम्मानित किया। इस अवसर पर उच्च शिक्षा सचिव अविनाश चम्पावत, आयुक्त रीता यादव सहित राष्ट्रीय सेवा योजना से जुड़े अधिकारी, विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्वयंसेवक उपस्थित रहे।


