स्पोर्ट्स डेस्क,24 सितंबर 2026
एशियन गेम्स 2026 में भारतीय पुरुष हॉकी टीम का शानदार प्रदर्शन जारी है। ग्रुप चरण के तीसरे मुकाबले में भारत ने दक्षिण कोरिया को 8-2 से हराकर लगातार तीसरी जीत दर्ज की। भारतीय टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाते हुए मुकाबले पर पकड़ बना ली थी।
भारत की ओर से अभिषेक और दिलप्रीत सिंह ने दो-दो गोल किए। वहीं शिलानंद लाकड़ा, सुखजीत सिंह, कप्तान हरमनप्रीत सिंह और राजिंदर सिंह ने एक-एक गोल कर टीम की जीत में योगदान दिया।
पहले क्वार्टर में 4-0 की बढ़त
भारत ने मुकाबले की शुरुआत तेज आक्रमण के साथ की। चौथे मिनट में शिलानंद लाकड़ा ने गोल कर भारत को 1-0 की बढ़त दिलाई। इसके बाद सुखजीत सिंह ने 9वें मिनट में गोल किया। 11वें मिनट में कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने स्कोर 3-0 किया, जबकि 14वें मिनट में अभिषेक ने चौथा गोल दाग दिया।
दिलप्रीत और अभिषेक ने बढ़ाया गोलों का अंतर
दूसरे क्वार्टर के बाद भारत ने अपनी आक्रामकता बरकरार रखी। दिलप्रीत सिंह ने 26वें और 32वें मिनट में लगातार दो गोल दागकर अपना डबल पूरा किया। इसके बाद 38वें मिनट में अभिषेक ने भी दूसरा गोल कर भारत की बढ़त 7-0 कर दी।
कोरिया ने किए दो गोल, लेकिन नहीं बदल सका मैच का रुख
दक्षिण कोरिया ने बाद में वापसी की कोशिश की और 42वें मिनट में किम जाएहो ने पहला गोल किया। इसके बाद 52वें मिनट में किम योंगबोक ने दूसरा गोल दागा। हालांकि भारत की बड़ी बढ़त के कारण कोरियाई टीम मुकाबले में वापसी नहीं कर सकी।
मैच के अंतिम मिनट में राजिंदर सिंह ने भारत के लिए आठवां गोल किया और टीम ने मुकाबला 8-2 से अपने नाम कर लिया।
तीन मैचों में भारत के 37 गोल
भारतीय टीम ने एशियन गेम्स 2026 में अपने अभियान की शुरुआत इंडोनेशिया के खिलाफ 13-1 की जीत से की थी। इसके बाद भारत ने श्रीलंका को 16-1 से हराया। अब दक्षिण कोरिया को 8-2 से हराकर भारत ने ग्रुप चरण में जीत की हैट्रिक पूरी कर ली है।
तीन मुकाबलों में भारत ने कुल 37 गोल किए हैं, जबकि उसके खिलाफ केवल 4 गोल हुए हैं।
26 सितंबर को जापान से मुकाबला
भारत का ग्रुप चरण में अगला मुकाबला 26 सितंबर को जापान के खिलाफ होगा। लगातार तीन जीत के बाद भारतीय टीम की नजरें अब इस मुकाबले पर हैं।


