रायपुर,26 सितंबर 2026

छत्तीसगढ़ के शिक्षित और प्रशिक्षित युवाओं के लिए निजी क्षेत्र में 8,720 पदों पर रोजगार का बड़ा अवसर सामने आया है। राजधानी रायपुर के बूढ़ापारा स्थित सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में 7 और 8 अक्टूबर 2026 को राज्यस्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा।

रोजगार मेले के लिए अब तक 36 नियोजकों और प्लेसमेंट संस्थाओं से 8,720 रिक्त पदों की जानकारी विभाग को मिल चुकी है। इन पदों के लिए 10वीं-12वीं पास, ITI, डिप्लोमा, इंजीनियरिंग, ग्रेजुएट और पोस्ट ग्रेजुएट अभ्यर्थी आवेदन कर सकेंगे।

कई क्षेत्रों में उपलब्ध हैं नौकरियां

रोजगार मेले में मशीन ऑपरेटर, फिटर, वेल्डर, इलेक्ट्रिशियन, इंजीनियर, क्वालिटी इंस्पेक्टर, सेल्स एग्जीक्यूटिव, कंप्यूटर ऑपरेटर, कस्टमर केयर एग्जीक्यूटिव, नर्सिंग स्टाफ, सुरक्षा गार्ड, ड्राइवर, डिलीवरी बॉय और अप्रेंटिस सहित विभिन्न पदों पर भर्ती होगी।

उपलब्ध रिक्तियों में टेक्निकल और मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र में करीब 4,800, लॉजिस्टिक्स और ट्रांसपोर्ट में करीब 1,600, सिक्योरिटी में करीब 650 तथा हेल्थकेयर एवं केयर सर्विसेज में करीब 580 पद शामिल हैं।

इन कंपनियों में भी रिक्तियां

रोजगार मेले के लिए क्वेस कॉर्प, रैंडस्टैड इंडिया, राजस्थान टेक्सटाइल मिल्स-सतलज टेक्सटाइल्स, वर्धमान टेक्सटाइल्स, जेनस पावर इंफ्रास्ट्रक्चर, एयरटेल पेमेंट बैंक, इंस्टाकार्ट, स्पंदना स्फूर्ति फाइनेंशियल, स्वतंत्र माइक्रोफिन, एनआईआईटी, आइसेक्ट, शांता टेक्नो, राजत इक्विपमेंट्स और फर्स्ट फ्लाई कॉर्पोरेट समेत कई कंपनियों ने रिक्तियां उपलब्ध कराई हैं।

विभाग की ओर से अन्य कंपनियों और नियोजकों से भी लगातार संपर्क किया जा रहा है, ताकि रोजगार मेले में युवाओं के लिए अधिक से अधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा सकें।

8 अक्टूबर को मिलेगा ऑफर लेटर

रोजगार मेले के दूसरे दिन 8 अक्टूबर को चयनित युवाओं को ऑफर लेटर प्रदान करने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और कौशल विकास एवं रोजगार मंत्री गुरु खुशवंत साहेब शामिल होंगे।

कौशल विकास एवं रोजगार मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने युवाओं से रोजगार मेले का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि मेले के माध्यम से प्रदेश के युवाओं को उनकी योग्यता और कौशल के अनुरूप रोजगार के अवसर मिल सकेंगे।

सुदूर क्षेत्रों तक पहुंचाई जाएगी जानकारी

कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग के सचिव डॉ. बसवराजु एस. ने रोजगार मेले की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को आयोजन का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए, ताकि प्रदेश के सुदूर क्षेत्रों में रहने वाले युवाओं तक भी रोजगार मेले की जानकारी पहुंच सके।

उन्होंने अधिकारियों से अधिक से अधिक औद्योगिक एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और नियोजकों से संपर्क कर अतिरिक्त रिक्तियां जुटाने के निर्देश दिए हैं।

ई-रोजगार पोर्टल से कर सकते हैं आवेदन

संचालक रोजगार एवं प्रशिक्षण हेमंत रमेश नंदनवार (आईएएस) ने बताया कि रिक्तियों का संकलन लगातार जारी है। उपलब्ध पदों को ई-रोजगार पोर्टल पर प्रदर्शित किया जा रहा है। नियोजक अभ्यर्थियों की प्रोफाइल के आधार पर शॉर्टलिस्टिंग और प्रारंभिक चयन भी कर सकेंगे।

इच्छुक अभ्यर्थी ई-रोजगार पोर्टल पर उपलब्ध रिक्तियों को देखकर अपनी योग्यता और रुचि के अनुसार ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। अभ्यर्थियों से अपनी प्रोफाइल अपडेट कर जल्द आवेदन करने की अपील की गई है।

आवेदन पोर्टल: https://www.erojgar.cg.gov.in/

नियोजकों के लिए संपर्क: 7999385638, 7000397968

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts