रायपुर, 3 अक्टूबर 2026
साइबर अपराधों के प्रति आमजन, विशेषकर युवाओं को जागरूक करने के उद्देश्य से रायगढ़ पुलिस द्वारा आयोजित लघु फिल्म प्रतियोगिता का समापन एवं सम्मान समारोह रायगढ़ के पूज्य संत बाबा प्रियदर्शी रामजी ऑडिटोरियम में हुआ। कार्यक्रम में वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित किया गया तथा रायगढ़ पुलिस की साइबर अवेयरनेस शॉर्ट फिल्म ‘The Cyber Trap’ की स्क्रीनिंग की गई।
वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने युवाओं से स्वयं साइबर जागरूक बनने और ‘साइबर एम्बेसडर’ की भूमिका निभाकर परिवार, मित्रों और समाज के अन्य लोगों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि डिजिटल तकनीक के बढ़ते उपयोग के साथ साइबर अपराधों की चुनौती भी बढ़ रही है। इससे बचाव के लिए जागरूकता और सतर्कता प्रभावी माध्यम हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में संचालित ‘सेवा संकल्प अभियान’ की चिन्हित सेवा गतिविधियों में साइबर जागरूकता को भी महत्वपूर्ण स्थान दिया गया है। रायगढ़ पुलिस ने सिनेमा और रचनात्मकता को साइबर सुरक्षा से जोड़कर युवाओं तक प्रभावी संदेश पहुंचाने की पहल की है।
कार्यक्रम में दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल ने साइबर जागृति अभियान और तकनीक आधारित जनजागरूकता पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि डिजिटल दौर में साइबर सुरक्षा प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।
सात सप्ताह में करीब 2 लाख लोगों तक पहुंचा अभियान
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा 15 अगस्त से 2 अक्टूबर 2026 तक प्रदेशव्यापी ‘साइबर जागृति अभियान’ संचालित किया गया। सात सप्ताह के दौरान रायगढ़ जिले में विभिन्न गतिविधियों और माध्यमों से करीब 2 लाख लोगों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
इसी अभियान के तहत ‘संकल्प : साइबर क्राइम मुक्त छत्तीसगढ़’ थीम पर लघु फिल्म प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसका उद्देश्य युवाओं की रचनात्मकता को साइबर जागरूकता से जोड़कर डिजिटल सुरक्षा का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना था।
11 राज्यों के 35 जिलों से मिलीं 162 फिल्में
प्रतियोगिता में 11 राज्यों के 35 जिलों से कुल 162 फिल्म प्रविष्टियां प्राप्त हुईं। छत्तीसगढ़ सहित विभिन्न राज्यों के प्रतिभागियों के साथ रूस से भी एक फिल्म की प्रविष्टि मिली।
प्रतियोगिता के आयोजन में रोटरी क्लब रायगढ़ का विशेष सहयोग रहा, जबकि प्रबंधन की जिम्मेदारी Take 3 Studios ने संभाली। मूल्यांकन के लिए फिल्मकार मनोज वर्मा, योगेंद्र चौबे और सुनील चिपड़े को निर्णायक मंडल में शामिल किया गया।
छह विजेताओं को 3.75 लाख रुपये की पुरस्कार राशि
श्रेणी ‘अ’ (3 से 6 मिनट) में स्वपनिल कोटरीवार की ‘दूसर छोर’ प्रथम, होमेन्द्र कुमार की ‘जरूरत’ द्वितीय और प्रकाश पटेल की ‘गुपचुप ठेला’ तृतीय रही।
श्रेणी ‘ब’ (1 से 3 मिनट) में दीपक जायसवाल की ‘एक्सेस लिंक’ प्रथम, तुषार सोलंकी की ‘Dial 1930’ द्वितीय और समीर चन्द्रा की ‘Golden Hour’ तृतीय रही।
श्रेणी ‘अ’ के विजेताओं को क्रमशः 1 लाख, 75 हजार और 50 हजार रुपये, जबकि श्रेणी ‘ब’ के विजेताओं को 75 हजार, 50 हजार और 25 हजार रुपये दिए गए। दोनों श्रेणियों के छह विजेताओं को कुल 3.75 लाख रुपये की पुरस्कार राशि से सम्मानित किया गया।
‘The Cyber Trap’ में बताए साइबर अपराध से बचाव के तरीके
समारोह में रायगढ़ पुलिस की साइबर अवेयरनेस शॉर्ट फिल्म ‘The Cyber Trap’ की स्क्रीनिंग की गई। फिल्म का उद्देश्य आम नागरिकों को साइबर अपराध के नए तरीकों और उनसे बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करना है।
फिल्म की कहानी एवं निर्देशन ऋभू समर्थ सिंह ने किया है। इसमें वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह सहित रायगढ़ पुलिस के अधिकारी-कर्मचारियों और अन्य कलाकारों ने भूमिका निभाई है।
कार्यक्रम में विजय बघेल, जीवर्धन चौहान, शिखा रविन्द्र गबेल, मयंक चतुर्वेदी और शशि मोहन सिंह सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी, प्रतिभागी, शिक्षक तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


