रायपुर, 04 अक्टूबर 2026

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधिमंडल भारत सरकार के विदेश मंत्रालय के नामांकन के बाद सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन (SBF) द्वारा आयोजित ‘सिंगापुर-इंडिया नेटवर्क फॉर ग्रोथ (SING) फोरम 2026’ में सहभागिता के लिए सिंगापुर प्रवास पर है। प्रवास के पहले दिन मुख्यमंत्री श्री साय ने गार्डन्स बाय द बे के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की और सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन के लीडरशिप डिनर में भी शामिल हुए।

गार्डन्स बाय द बे के अनुभवों से नवा रायपुर को मिलेगा लाभ

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय एवं छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधिमंडल ने गार्डन्स बाय द बे के जनरल मैनेजर, मास्टर प्लानिंग श्री जेसन येओ तथा डायरेक्टर श्री लिम चियाप सॉन्ग सहित वरिष्ठ अधिकारियों के साथ औपचारिक बैठक की।

बैठक में छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधिमंडल को मास्टर प्लानिंग, सतत डिजाइन और उद्यान प्रबंधन से जुड़ी कार्यप्रणालियों की जानकारी दी गई। इस दौरान उद्यानिकी, वनस्पति संरक्षण, शहरी हरियाली, ईको-टूरिज्म और क्षमता विकास के क्षेत्रों में संस्थागत सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ समृद्ध वनों और जैव विविधता से संपन्न प्रदेश है। गार्डन्स बाय द बे की विशेषज्ञता और अनुभवों का लाभ नवा रायपुर में बॉटनिकल गार्डन के विकास, शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर लैंडस्केपिंग और हरित क्षेत्रों के विस्तार में लिया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि इससे प्रदेश में पर्यटन की संभावनाओं को नया विस्तार, पर्यटकों की संख्या में वृद्धि और रोजगार के नए अवसर सृजित होने की संभावना है।

सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन के लीडरशिप डिनर में शामिल हुए CM

मुख्यमंत्री श्री साय शाम को SING फोरम 2026 की पूर्व संध्या पर सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन द्वारा आयोजित लीडरशिप डिनर में शामिल हुए। इस अवसर पर हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी, सिंगापुर में भारत के उच्चायुक्त डॉ. शिल्पक अंबुले, सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन के चेयरमैन श्री मार्क ली और सीईओ श्री कोक पिंग सून उपस्थित रहे।

लीडरशिप डिनर में सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन के सदस्यों के साथ मास्टरकार्ड, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, नेस्ले और द इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड के वरिष्ठ प्रतिनिधियों ने भी सहभागिता की। इस दौरान छत्तीसगढ़ के 7 सदस्यीय और हरियाणा के 26 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल भी मौजूद रहे।

यह आयोजन भारत के राज्यों और सिंगापुर के व्यावसायिक समुदाय के बीच निवेश, व्यापार और दीर्घकालिक आर्थिक साझेदारी को लेकर संवाद का महत्वपूर्ण मंच बना।

सिंगापुर के उद्योग जगत को छत्तीसगढ़ में निवेश का न्योता

मुख्यमंत्री श्री साय ने सिंगापुर के उद्योग जगत के सामने छत्तीसगढ़ को तेजी से उभरते निवेश गंतव्य के रूप में प्रस्तुत किया। उन्होंने प्रदेश की प्रगतिशील औद्योगिक नीति, ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में किए गए सुधारों, MSME, स्टार्टअप और मैन्युफैक्चरिंग के क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी।

मुख्यमंत्री ने सिंगापुर के उद्योग जगत को ‘विकसित छत्तीसगढ़’ के निर्माण की यात्रा में सहभागी बनने और प्रदेश में निवेश के अवसरों का लाभ उठाने के लिए आमंत्रित किया।

SING फोरम और CEO राउंडटेबल में होगी निवेश पर चर्चा

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय 5 अक्टूबर को SING फोरम 2026 में सहभागिता करेंगे। इसके बाद 6 अक्टूबर को सिंगापुर की प्रमुख कंपनियों और निवेश संस्थानों के शीर्ष नेतृत्व के साथ CEO राउंडटेबल में छत्तीसगढ़ की निवेश संभावनाओं और आर्थिक साझेदारी के अवसरों पर विस्तृत चर्चा करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts