रायपुर, 04 अक्टूबर 2026
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय इन दिनों सिंगापुर दौरे पर हैं। दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ प्रतिनिधिमंडल के साथ सिंगापुर के प्रसिद्ध गार्डन्स बाय द बे के अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में बागवानी, वनस्पति संरक्षण, शहरी हरित क्षेत्रों और ईको-टूरिज्म के क्षेत्र में सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री श्री साय ने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से बैठक की जानकारी साझा करते हुए बताया कि उन्होंने गार्डन्स बाय द बे के जनरल मैनेजर, मास्टर प्लानिंग जेसन येओ और निदेशक लिम चियाप सोंग सहित अधिकारियों के साथ औपचारिक बैठक की।
नवा रायपुर में बॉटनिकल गार्डन को मिलेगा लाभ
मुख्यमंत्री ने कहा कि गार्डन्स बाय द बे से मिली सीख छत्तीसगढ़ के नवा रायपुर में बॉटनिकल गार्डन विकसित करने और प्रदेशभर में बेहतर हरित क्षेत्र तैयार करने में मददगार साबित होगी।
उन्होंने कहा कि आधुनिक और व्यवस्थित हरित क्षेत्रों के विकास से छत्तीसगढ़ में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। पर्यटकों की संख्या बढ़ने के साथ ही सैकड़ों लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा हो सकते हैं।
ग्रीन डेवलपमेंट और ईको-टूरिज्म पर जोर
बैठक में बागवानी, संरक्षण, शहरी हरियाली और ईको-टूरिज्म से जुड़े विषयों पर अनुभव साझा किए गए। छत्तीसगढ़ के समृद्ध वन और जैव विविधता को देखते हुए सिंगापुर के गार्डन्स बाय द बे की विशेषज्ञता का उपयोग प्रदेश में हरित विकास और पर्यटन सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए किया जा सकता है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने यह भी बताया कि भारत सरकार के विदेश मंत्रालय (MEA) द्वारा नामित किए जाने के बाद छत्तीसगढ़ को पहली बार SING Forum 2026 में भाग लेने का अवसर मिला है।


