रायपुर, 7 अक्टूबर 2026
छत्तीसगढ़ सरकार की महतारी वंदन योजना की 32वीं किस्त का भुगतान 8 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय दुर्ग में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रदेश की महतारियों को किस्त की राशि डीबीटी के माध्यम से जारी करेंगे।
विभाग के अनुसार 32वीं किस्त में ई-केवायसी करा चुके 67 लाख 38 हजार 217 हितग्राहियों के बैंक खातों में कुल 632 करोड़ 40 लाख 4 हजार 250 रुपये की राशि सीधे डीबीटी के माध्यम से भेजी जाएगी।
31 किस्तों में 20 हजार करोड़ से अधिक का भुगतान
महतारी वंदन योजना 1 मार्च 2024 से प्रदेश में लागू की गई थी। योजना का लाभ लेने के लिए कुल 70 लाख 27 हजार 154 महिलाओं ने आवेदन किया था। इनमें पात्र पाए गए 70 लाख 9 हजार 578 हितग्राहियों को 10 मार्च 2024 को पहली बार सहायता राशि का अंतरण किया गया था।
योजना के तहत महिलाओं को डीबीटी के माध्यम से आर्थिक सहायता दी जाती है। विभाग के अनुसार इस राशि का उपयोग महिलाओं के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण के साथ-साथ कुपोषण और एनीमिया की रोकथाम में किया जा रहा है।
योजना शुरू होने से अब तक 31 किस्तों में 20,075.71 करोड़ रुपये की सहायता राशि हितग्राहियों को दी जा चुकी है। 32वीं किस्त के भुगतान के बाद योजना के तहत कुल भुगतान राशि बढ़कर 20,708.11 करोड़ रुपये हो जाएगी।
32वीं किस्त के लिए 67.38 लाख हितग्राही
अक्टूबर 2026 की 32वीं किस्त के लिए अद्यतन स्थिति में कुल 68 लाख 52 हजार 661 पात्र हितग्राही हैं। इनमें से 67 लाख 31 हजार 314 हितग्राहियों के भुगतान का अनुमोदन किया गया है।
इसके अलावा नियद नेल्लानार के हितग्राहियों की 12वीं किस्त के भुगतान के अनुमोदन के लिए 6,903 हितग्राही शामिल हैं। इस प्रकार कुल 67 लाख 38 हजार 217 हितग्राहियों को 32वीं किस्त की राशि डीबीटी के माध्यम से प्रदान की जाएगी।


