रायपुर,24 नवंबर 2026
महादेव ऑनलाइन सट्टा मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की जांच के दौरान एक और बड़ा खुलासा सामने आया है। इस मामले में गिरफ्तार दिल्ली के वकील हिमांशु शेखर पर महादेव सट्टा एप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर से 15 करोड़ रुपये लेने का आरोप लगा है। सौरभ चंद्राकर ने ED के सामने दिए अपने बयानों में दावा किया है कि हिमांशु ने दुबई के एक विला में खुद को प्रभावशाली व्यक्ति बताते हुए प्रमोटरों को भरोसा दिलाया था कि वह उनके खिलाफ चल रहे आपराधिक मामलों और इंटरपोल नोटिस को मैनेज करा सकता है।
आरोप है कि इस कथित डील के तहत करोड़ों रुपये दिए गए और बाद में दिल्ली-मुंबई के हवाला नेटवर्क के जरिए भी नकद किस्तें पहुंचाई गईं। फिलहाल ED इस पूरे मामले में वकील की भूमिका, कथित लेनदेन और उसके संपर्कों की जांच कर रही है। हिमांशु शेखर को रायपुर की विशेष पीएमएलए अदालत ने 28 नवंबर तक ED की रिमांड पर भेजा है।
दुबई के विला नंबर 45 में हुई थी मुलाकात
सौरभ चंद्राकर के मुताबिक, इस पूरे घटनाक्रम की शुरुआत अक्टूबर 2023 में हुई थी। उस समय मुंबई की फिल्म निर्माण कंपनी कुरैशी प्रोडक्शंस प्राइवेट लिमिटेड पर ED ने छापेमारी की थी। यह कंपनी महादेव नेटवर्क से जुड़े वसीम कुरैशी से संबंधित बताई गई है।
छापेमारी के बाद वसीम कुरैशी और उसके सहयोगी हर्षवर्धन ने दुबई में एक बैठक आयोजित की थी। इस बैठक में महादेव के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर, सह-प्रमोटर रवि उप्पल, अधिवक्ता सुमित कोचर और हिमांशु शेखर शामिल हुए थे।
यह बैठक दुबई के जुमेराह पिंक बीच स्थित विला नंबर 45 में हुई थी। सौरभ के बयान के अनुसार, हिमांशु का परिचय प्रमोटरों से एक प्रभावशाली व्यक्ति के रूप में ‘सर’ कहकर कराया गया था। उसने कथित तौर पर दावा किया था कि वह प्रमोटरों के खिलाफ चल रहे आपराधिक मामलों को संभाल सकता है और लंबित इंटरपोल नोटिस को निष्प्रभावी करा सकता है।
15 करोड़ रुपये देने का आरोप, हवाला से भी पहुंची रकम
सौरभ चंद्राकर ने ED को दिए अपने बयानों में आरोप लगाया कि अक्टूबर 2023 में हिमांशु शेखर को 15 करोड़ रुपये दिए गए थे। इसके बाद दिसंबर 2023 से मार्च 2024 के बीच दिल्ली और मुंबई के हवाला ऑपरेटरों के माध्यम से कई अतिरिक्त नकद किस्तें पहुंचाई गईं।
दुबई में भी नकदी देने का दावा किया गया है। सौरभ के अनुसार, हिमांशु प्रमोटरों को बताता था कि यह रकम भारत में उच्च अधिकारियों तक पहुंचाई जानी है। उसने जजों और वकीलों से सीधे बातचीत होने का दावा भी किया था।
सौरभ चंद्राकर ने 15 और 18 नवंबर को PMLA के तहत दर्ज बयानों में इस मुलाकात और कथित लेनदेन का पूरा घटनाक्रम बताया है। इन्हीं बयानों के आधार पर ED जांच आगे बढ़ा रही है।
बुकी की गिरफ्तारी की जानकारी देकर जीता भरोसा
ED की रिमांड अर्जी से जुड़ी जानकारी के मुताबिक, सौरभ ने 18 नवंबर के बयान में हिमांशु से जुड़ा एक और घटनाक्रम बताया। इसमें लोटस365 डॉट कॉम से जुड़े पूर्व साझेदार और बुकी गिरीश तलरेजा का जिक्र किया गया है।
सौरभ के मुताबिक, तलरेजा से विवाद के बाद उसकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी। जब तलरेजा जयपुर से भोपाल पहुंचा तो सौरभ और रवि उप्पल ने उसकी गतिविधियों की जानकारी जुटाकर हिमांशु को दी।
आरोप है कि हिमांशु ने भोपाल के एक होटल में ठहरे तलरेजा की उसी दिन गिरफ्तारी होने की बात कही थी। कुछ घंटे बाद ED ने तलरेजा को गिरफ्तार कर लिया। सौरभ का दावा है कि इस घटनाक्रम के बाद प्रमोटरों का हिमांशु पर भरोसा बढ़ गया और उन्हें लगने लगा कि उसके पास केंद्रीय जांच एजेंसियों की गोपनीय गतिविधियों की जानकारी है।
दिल्ली के चार ठिकानों पर छापेमारी, मिलीं करोड़ों के हिसाब वाली पर्चियां
ED ने 21 नवंबर को हिमांशु से जुड़े दिल्ली के चार ठिकानों पर तलाशी ली थी। इनमें पंचशील पार्क स्थित उसका आवास और लाजपत नगर स्थित उसकी कंपनी यस्या मीडिया प्राइवेट लिमिटेड का कार्यालय भी शामिल था।
तलाशी के दौरान अधिकारियों को हाथ से लिखे कुछ नोट मिले हैं। इनमें करोड़ों रुपये के लेनदेन, मुंबई-दिल्ली और हवाला से जुड़े संभावित हिसाब होने का संदेह है।
इन पर्चियों में रकम और किस्तों में भुगतान से जुड़ी कई प्रविष्टियां मिली हैं। ED इनका मिलान सौरभ चंद्राकर के बयानों और कथित हवाला लेनदेन से कर रही है। हालांकि, पर्चियों में दर्ज व्यक्तियों और रकम का वास्तविक संबंध अभी जांच का विषय है।
कंपनी का कारोबार 52 लाख से बढ़कर 15.55 करोड़ रुपये पहुंचा
ED ने हिमांशु के विदेश यात्रा रिकॉर्ड और कंपनी के वित्तीय दस्तावेजों की भी जांच की है। एजेंसी के अनुसार, हिमांशु अक्टूबर 2023 में दुबई गया था और कुछ दिनों बाद भारत लौटा था। इसके बाद दिसंबर 2023 से मार्च 2024 के बीच उसकी कई विदेश यात्राएं भी सामने आई हैं।
जांच में उसकी कंपनी यस्या मीडिया प्राइवेट लिमिटेड के कारोबार में भी बड़ी बढ़ोतरी सामने आई है। कंपनी का कारोबार वित्त वर्ष 2022-23 में करीब 52.66 लाख रुपये था, जो 2023-24 में बढ़कर 15.55 करोड़ रुपये हो गया।
ED इस बढ़ोतरी और कथित भुगतान के बीच संभावित संबंधों की पड़ताल कर रही है।
हिमांशु शेखर ने 15 करोड़ लेने के आरोपों से किया इनकार
पूछताछ के दौरान हिमांशु शेखर ने दुबई में महादेव प्रमोटरों से मुलाकात की बात स्वीकार की, लेकिन इसे केवल पेशेवर संबंधों तक सीमित बताया।
उसका दावा है कि उसे वसीम कुरैशी से 25 लाख रुपये और महादेव प्रमोटरों से बैंकिंग माध्यम के जरिए 40 लाख रुपये मिले थे। उसने 15 करोड़ रुपये और अन्य नकद भुगतान लेने के आरोपों से इनकार किया है।
इस तरह मामले में सौरभ चंद्राकर के आरोपों और हिमांशु शेखर के पक्ष में विरोधाभास सामने आया है। ED अब कथित लेनदेन के सबूत जुटाने में लगी है।
मुंबई एयरपोर्ट से पकड़ा गया था वकील, 28 नवंबर तक ED रिमांड
हिमांशु शेखर 20 नवंबर को दुबई जाने के लिए मुंबई एयरपोर्ट पहुंचा था। यहां लुकआउट सर्कुलर के आधार पर उसे रोक लिया गया। इसके बाद ट्रांजिट रिमांड को लेकर मुंबई की विशेष अदालत और बॉम्बे हाई कोर्ट में कानूनी प्रक्रिया चली।
हाई कोर्ट से ED को राहत मिलने के बाद 23 नवंबर को उसे रायपुर में गिरफ्तार कर विशेष PMLA अदालत में पेश किया गया। अदालत ने उसे 28 नवंबर तक ED की हिरासत में भेज दिया है।
कौन है हिमांशु शेखर?
हिमांशु शेखर की लिंक्डइन प्रोफाइल के मुताबिक, वह खुद को कानून विशेषज्ञ, लीगल कंसल्टेंट और लॉ प्रैक्टिस प्रोफेशनल बताता है। प्रोफाइल में उसने पटना, बिहार को अपना स्थान बताया है और कानून के क्षेत्र में 17 साल से अधिक का अनुभव होने का दावा किया है।
उसकी शैक्षणिक योग्यता में BBA-LLB (ऑनर्स) और LLM का उल्लेख है। उसने नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी (NLU), जोधपुर से पढ़ाई करने और LLM गोल्ड मेडलिस्ट होने का दावा भी किया है। इसके अलावा सुप्रीम कोर्ट ऑफ इंडिया से जुड़ा पेशेवर अनुभव भी अपनी प्रोफाइल में दर्शाया है।
फिलहाल महादेव ऑनलाइन सट्टा मामले में ED की जांच जारी है। आने वाले दिनों में पूछताछ और वित्तीय लेनदेन की पड़ताल से इस कथित नेटवर्क से जुड़े अन्य खुलासे भी सामने आ सकते हैं।


