रायपुर, 26 नवंबर 2026
छत्तीसगढ़ में वैज्ञानिक अनुसंधान, तकनीकी नवाचार और विज्ञान के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार नई पहल कर रही है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नवा रायपुर स्थित महानदी भवन में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद तथा छत्तीसगढ़ रीजनल साइंस सेंटर के कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश में प्रस्तावित साइंस सिटी की स्थापना की प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वैज्ञानिक सोच, अनुसंधान और नवाचार को प्रोत्साहित करने के साथ आधुनिक विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी का लाभ शासन के विभिन्न विभागों और आम नागरिकों तक पहुंचाना जरूरी है। उन्होंने प्रदेश के युवाओं और नवाचारकर्ताओं को बौद्धिक संपदा अधिकार (इंटेलेक्चुअल प्रॉपर्टी राइट्स) प्राप्त करने में हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।
साइंस सिटी में होंगे 7-डी थिएटर और प्लेनेटेरियम सहित कई आकर्षण
बैठक में प्रस्तावित साइंस सिटी की रूपरेखा की जानकारी दी गई। यहां विज्ञान और आधुनिक तकनीक को रोचक तरीके से समझाने के लिए कई आकर्षक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
प्रस्तावित साइंस सिटी में 7-डी थिएटर, टाइम मशीन सिम्युलेटर, प्लेनेटेरियम, स्पेस एंड एस्ट्रोनॉमी गैलरी, ऑन एयर विज्ञान पार्क, द ग्रीन गार्डियन, स्पेस ओडिसी, साइंस ऑन स्फीयर, डिजिटल पैनोरमा, ऑडिटोरियम और रिन्यूएबल एनर्जी पार्क विकसित किए जाएंगे।
इन सुविधाओं के माध्यम से बच्चों, युवाओं और आम नागरिकों को विज्ञान के जटिल सिद्धांतों तथा आधुनिक तकनीकों को सरल, रोचक और अनुभवात्मक तरीके से समझने का अवसर मिलेगा।
उप मुख्यमंत्री एवं विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री विजय शर्मा ने भी विभाग के नवाचारों का लाभ प्रदेश के लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नवा रायपुर में प्रस्तावित साइंस सिटी विज्ञान में रुचि रखने वाले लोगों के लिए उपयोगी साबित होगी और पर्यटकों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बनेगी।
विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों से जोड़ी जाएंगी सिकॉस्ट की प्रयोगशालाएं
मुख्यमंत्री साय ने छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (सिकॉस्ट) में स्थापित केंद्रीय प्रयोगशालाओं को प्रदेश के विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों से जोड़ने के निर्देश दिए। इससे विद्यार्थियों को आधुनिक प्रयोगशालाओं और वैज्ञानिक अनुसंधान की सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवाओं को वैज्ञानिक अनुसंधान के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए बेहतर अवसर मिलने चाहिए। बैठक में समर साइंस कैंप के अंतर्गत संचालित गतिविधियों की भी समीक्षा की गई।
इसके साथ ही विज्ञान केंद्र में स्थापित की जा रही आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) गैलरी के संबंध में जानकारी दी गई। सूरजपुर जिले के मायापुर में कर्क रेखा गुजरने वाले क्षेत्र में प्रस्तावित एस्ट्रो साइंस पार्क के निर्माण पर भी चर्चा हुई।
कृषि से लेकर आपदा प्रबंधन तक तकनीक का होगा इस्तेमाल
मुख्यमंत्री ने विभाग को वैज्ञानिक अनुसंधान, खोजों और तकनीकी परियोजनाओं का व्यावहारिक लाभ राज्य के विभिन्न क्षेत्रों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने विभाग की स्ववित्तपोषण की संभावनाओं को बढ़ाने पर भी जोर दिया।
उन्होंने कृषि, ग्रामीण विकास, पर्यावरण और राजस्व विभाग की आवश्यकताओं के अनुरूप वैज्ञानिक एवं तकनीकी परियोजनाएं तैयार करने को कहा।
मुख्यमंत्री ने बाढ़ एवं आपदा प्रबंधन, निर्माण कार्यों की निगरानी, राजस्व निरीक्षण, भू-अभिलेखों के प्रबंधन और भूमि उपयोग के आकलन जैसे कार्यों में आधुनिक वैज्ञानिक संसाधनों का अधिकाधिक उपयोग करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि शासकीय विभागों के साथ निजी संस्थाओं और फर्मों को भी आवश्यक वैज्ञानिक एवं तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराया जाए, ताकि आधुनिक तकनीक का लाभ व्यापक स्तर पर मिल सके।
युवाओं के नवाचार और पेटेंट को मिलेगा प्रोत्साहन
बैठक में बौद्धिक संपदा अधिकारों के संबंध में सहायता और मार्गदर्शन देने के लिए जारी टोल फ्री नंबर की जानकारी भी दी गई।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि प्रदेश के प्रतिभाशाली युवाओं, शोधकर्ताओं और नवाचार करने वाले लोगों को पेटेंट सहित विभिन्न बौद्धिक संपदा अधिकार प्राप्त करने की प्रक्रिया में आवश्यक सहयोग एवं मार्गदर्शन दिया जाए।
इस पहल का उद्देश्य युवाओं की वैज्ञानिक खोजों, मौलिक विचारों और नए आविष्कारों को कानूनी संरक्षण दिलाना तथा उन्हें उचित पहचान उपलब्ध कराना है।
चलित विज्ञान बस से गांव-गांव पहुंचेगी विज्ञान की जानकारी
प्रदेश के ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में वैज्ञानिक जागरूकता बढ़ाने के लिए चलित विज्ञान जागरूकता बस के संचालन पर भी बैठक में चर्चा हुई।
इस बस के माध्यम से बच्चों और आम नागरिकों तक वैज्ञानिक प्रयोगों, आधुनिक तकनीकों और विज्ञान से जुड़ी रोचक जानकारियां पहुंचाई जाएंगी। इसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में भी वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करना और बच्चों में विज्ञान के प्रति रुचि पैदा करना है।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
समीक्षा बैठक में उप मुख्यमंत्री एवं विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री विजय शर्मा, मुख्य सचिव विकास शील, मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव सुबोध कुमार सिंह, प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद के महानिदेशक प्रशांत कविश्वर सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।


