रायपुर,26 नवंबर 2026

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बुधवार को मुख्यमंत्री निवास में आयोजित जनदर्शन के दौरान नवा रायपुर से आईं मार्शल आर्ट की प्रतिभाशाली खिलाड़ी बहनों सना और सानिया से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने दोनों बेटियों की खेल उपलब्धियों और पढ़ाई के साथ खेल के प्रति उनके समर्पण की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया। साथ ही खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए हरसंभव आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।

मुलाकात के दौरान सना और सानिया ने मुख्यमंत्री को बताया कि वे मार्शल आर्ट के क्षेत्र में लगातार अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं। दोनों बहनें गोल्डन कप, खेलो इंडिया गेम्स और दमन में आयोजित बीच गेम्स जैसी प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेकर पदक जीत चुकी हैं। उन्होंने अपनी खेल उपलब्धियों के साथ भविष्य की तैयारियों की जानकारी भी मुख्यमंत्री के साथ साझा की।

खेल के साथ शिक्षा को भी दे रहीं प्राथमिकता

सना और सानिया खेल के साथ अपनी पढ़ाई को भी समान महत्व दे रही हैं। सना बीकॉम और सानिया बीसीए की पढ़ाई कर रही हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उनकी इस लगन की विशेष रूप से सराहना करते हुए कहा कि पढ़ाई और खेल दोनों क्षेत्रों में संतुलन बनाकर आगे बढ़ना उनकी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प को दर्शाता है।

मुख्यमंत्री ने दोनों बहनों को अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर नई ऊंचाइयां हासिल करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की बेटियां विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक सहयोग प्रदान करने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts