रायपुर,26 नवंबर 2026

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बुधवार को राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में आयोजित जनदर्शन के दौरान जशपुर से आई बिटिया फरहीन की आर्थिक परेशानी सुनी। अपनी माता के साथ पहुंची फरहीन ने परिवार की कठिन परिस्थितियों से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने उसकी पूरी बात संवेदनशीलता के साथ सुनी और परिवार को हरसंभव मदद उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।

पिता के कैंसर के इलाज में खत्म हुई परिवार की जमा पूंजी

बीकॉम की छात्रा फरहीन ने मुख्यमंत्री को बताया कि उसके पिता वर्ष 2018 से कैंसर से पीड़ित थे। लंबे समय तक चले इलाज में परिवार की पूरी जमा पूंजी खर्च हो गई। बीमारी से संघर्ष करते हुए वर्ष 2025 में पिता का निधन हो गया। पिता के इलाज में परिवार के आर्थिक संसाधन समाप्त हो जाने के कारण अब परिवार के सामने घर तक गिरवी रखने की नौबत आ गई है।

फरहीन की आपबीती सुनकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उसे ढांढस बंधाया और हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए आश्वस्त किया। उन्होंने फरहीन को अपनी पढ़ाई बिना किसी चिंता के जारी रखने के लिए प्रोत्साहित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि कठिन परिस्थितियों में सरकार जरूरतमंद परिवारों के साथ खड़ी है और उनकी मदद के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री से मिला भरोसा, फरहीन के चेहरे पर लौटी उम्मीद

मुख्यमंत्री से अपनी परेशानी साझा करने और सहायता का भरोसा मिलने के बाद फरहीन के चेहरे पर संतोष और उम्मीद की मुस्कान लौट आई। जनदर्शन के माध्यम से मुख्यमंत्री ने एक बार फिर आम लोगों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनने और जरूरतमंद परिवारों को सहयोग देने की पहल की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts