रायपुर,26 नवंबर 2026
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की संवेदनशीलता का एक और उदाहरण जनदर्शन में देखने को मिला, जहां पिछले करीब 30 वर्षों से सुनने की समस्या से जूझ रहे 83 वर्षीय बुजुर्ग को तत्काल राहत मिली। मुख्यमंत्री निवास में आयोजित जनदर्शन में कोरबा जिले के कटघोरा विकासखंड अंतर्गत ग्राम भलपहरी, हरदी बाजार निवासी परसराम राठौर अपने पुत्र सोमनाथ राठौर के साथ पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने उनकी परेशानी सुनी और तत्काल श्रवण यंत्र के साथ चश्मा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
30 साल से सुनने की समस्या से परेशान थे बुजुर्ग
परसराम राठौर ने मुख्यमंत्री को बताया कि वे पिछले लगभग तीन दशक से सुनने की समस्या से परेशान हैं। इसके कारण उन्हें सामान्य बातचीत और रोजमर्रा के कामकाज में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। बुजुर्ग की परेशानी को देखते हुए मुख्यमंत्री साय ने उनसे आत्मीयता से बातचीत की और धैर्यपूर्वक उनकी पूरी बात सुनी।
मुख्यमंत्री ने बुजुर्ग का हालचाल पूछते हुए कहा, “बाबा, चिंता मत कीजिए, अब आपको सुनने में परेशानी नहीं होगी। आपकी समस्या का समाधान यहीं किया जाएगा।” इस दौरान उन्होंने यह भी पूछा कि क्या उन्हें आंखों से देखने में कोई परेशानी है। परसराम राठौर द्वारा आंखों की कमजोरी की जानकारी देने पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को श्रवण यंत्र और चश्मा तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
श्रवण यंत्र लगते ही साफ सुनाई देने लगी आवाज
मुख्यमंत्री के निर्देश पर परसराम राठौर को तत्काल श्रवण यंत्र और चश्मा उपलब्ध कराया गया। श्रवण यंत्र लगाते ही उन्हें आवाजें स्पष्ट रूप से सुनाई देने लगीं। लंबे समय बाद साफ सुन पाने से अभिभूत बुजुर्ग ने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा, “अब मुझे सब कुछ अच्छी तरह सुनाई दे रहा है। इतने वर्षों बाद इतनी साफ आवाज सुनकर बहुत अच्छा लग रहा है। मुख्यमंत्री जी ने मेरी बहुत बड़ी समस्या दूर कर दी।”
उनके पुत्र सोमनाथ राठौर ने भी इस त्वरित सहायता के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।
भाटापारा के बलवंत सिंह यादव को भी मिला श्रवण यंत्र
इसी जनदर्शन में भाटापारा के नेहरू वार्ड निवासी बलवंत सिंह यादव ने भी श्रवण संबंधी समस्या को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को आवेदन सौंपा। उन्होंने श्रवण यंत्र और श्रवण दिव्यांगता (बहरापन) प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने की मांग की।
बलवंत सिंह यादव ने बताया कि उन्हें दाएं कान से कम सुनाई देता है और बाएं कान में भी श्रवण संबंधी समस्या है। इस कारण उन्हें रोजमर्रा के जीवन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मुख्यमंत्री ने उनकी समस्या पर भी तत्काल संज्ञान लेते हुए उन्हें श्रवण यंत्र प्रदान किया और संबंधित अधिकारियों को श्रवण दिव्यांगता प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
जनदर्शन में दोनों जरूरतमंदों को मिली तत्काल सहायता से उनकी समस्याओं के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई।


