रायपुर, 29 नवम्बर 2026
छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और आधुनिक चिकित्सा अधोसंरचना के विकास को लेकर राज्य सरकार लगातार प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में तेजी से आत्मनिर्भर बन रहा है। सरकार का लक्ष्य प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को बेहतर, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि गंभीर बीमारियों के उपचार में किसी भी परिवार को आर्थिक परेशानी का सामना न करना पड़े।
मुख्यमंत्री श्री साय शनिवार को राजधानी रायपुर के होटल कोर्टयार्ड बाय मैरियट में छत्तीसगढ़ मोटापा, मधुमेह एवं अंतःस्रावी सोसायटी द्वारा आयोजित चौथे वार्षिक सम्मेलन ‘कोडेकॉन-2026’ में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने मोटापा, मधुमेह और जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों की बढ़ती चुनौती पर चिंता जताते हुए जनजागरूकता और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बदलती जीवनशैली, खान-पान की आदतों और शारीरिक गतिविधियों में कमी के कारण मोटापा एवं मधुमेह जैसी बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं। पहले इनका प्रभाव मुख्य रूप से शहरी क्षेत्रों में दिखाई देता था, लेकिन अब ग्रामीण क्षेत्र भी इससे प्रभावित हो रहे हैं। ऐसे में चिकित्सकों की जिम्मेदारी केवल मरीजों का उपचार करना नहीं, बल्कि लोगों को जागरूक कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना भी है।
उन्होंने चिकित्सकों के सेवाभाव की सराहना करते हुए कहा कि समाज में डॉक्टरों को ईश्वर के बाद सर्वोच्च स्थान दिया जाता है। ईश्वर जीवन देते हैं और चिकित्सक संकट के समय उस जीवन की रक्षा करते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि सम्मेलन में देशभर से आए विशेषज्ञों का विचार-विमर्श बीमारियों की रोकथाम और बेहतर उपचार में उपयोगी साबित होगा।
नवा रायपुर में 100 एकड़ में विकसित होगी आधुनिक मेडिसिटी
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेश में चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार की जानकारी देते हुए बताया कि छत्तीसगढ़ राज्य गठन के समय प्रदेश में केवल एक मेडिकल कॉलेज था, जबकि आज शासकीय और निजी क्षेत्र को मिलाकर मेडिकल कॉलेजों की संख्या बढ़कर 21 हो गई है।
उन्होंने बताया कि नवा रायपुर में लगभग 100 एकड़ भूमि पर अत्याधुनिक मेडिसिटी विकसित की जा रही है। इसके साथ ही प्रदेश के सभी पांच संभागीय मुख्यालयों में सुपर स्पेशलिटी अस्पतालों का निर्माण किया जा रहा है। इन अस्पतालों के शुरू होने से प्रदेश के लोगों को जटिल और गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए दूसरे राज्यों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा और उन्हें अपने ही राज्य में आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं मिल सकेंगी।
गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए 25 लाख रुपये तक की सहायता
मुख्यमंत्री ने कहा कि गंभीर बीमारियों का उपचार पहले गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए बड़ी आर्थिक चुनौती बन जाता था। कई परिवारों को इलाज के लिए अपनी जमीन-जायदाद तक बेचनी पड़ती थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित आयुष्मान भारत योजना ने ऐसे परिवारों को बड़ी राहत दी है।
योजना के तहत पात्र परिवारों को प्रतिवर्ष 5 लाख रुपये तक के निःशुल्क उपचार की सुविधा दी जा रही है। इसके अलावा 70 वर्ष और उससे अधिक आयु के सभी वरिष्ठ नागरिकों को भी योजना के दायरे में शामिल किया गया है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि छत्तीसगढ़ सरकार की मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के माध्यम से गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए पात्र मरीजों को 25 लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। सरकार का उद्देश्य है कि पैसों की कमी के कारण किसी भी जरूरतमंद व्यक्ति का इलाज न रुके।
मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान से 34 लाख लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण
मुख्यमंत्री श्री साय ने बस्तर में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार का उल्लेख करते हुए कहा कि नक्सलवाद के प्रभाव में कमी आने के साथ ही क्षेत्र में विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं की पहुंच बढ़ रही है। जिन दूरस्थ गांवों में लंबे समय तक बुनियादी सुविधाओं का अभाव रहा, वहां अब स्वास्थ्य विभाग की टीमें पहुंचकर लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण और उपचार कर रही हैं।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान के तहत अब तक 34 लाख लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जा चुका है, जबकि 40 हजार से अधिक मरीजों का उपचार किया गया है। उन्होंने कहा कि बस्तर में शांति, विकास और स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
कोडेकॉन-2026 में चिकित्सा क्षेत्र की प्रतिभाओं का सम्मान
सम्मेलन के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया। इनमें एमडी क्विज के विजेता डॉ. नीलान एस., डीएम क्विज के विजेता डॉ. अमित गर्ग, ऑडियंस क्विज के विजेता डॉ. धीरज सोलंकी और डायबिटीज इंफ्लूएंसर अवॉर्ड के विजेता श्री अजय मोहन सहाय शामिल रहे।
मुख्यमंत्री ने सम्मेलन के सफल आयोजन के लिए आयोजकों को बधाई दी। उन्होंने चिकित्सकों से मधुमेह, मोटापा और अंतःस्रावी रोगों के प्रति व्यापक जनजागरूकता फैलाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि चिकित्सा विज्ञान में हो रहे नए शोध, नवाचार और आधुनिक उपचार पद्धतियों का लाभ आम नागरिकों तक पहुंचना चाहिए।
इस अवसर पर सम्मेलन के ऑर्गेनाइजिंग चेयरमैन डॉ. अमृताभ घोष, को-चेयरमैन डॉ. तरुण मिश्रा, प्रोफेसर एस. के. सिंह, डॉ. संजीत जायसवाल, डॉ. कल्पना दास, डॉ. विप्लव बंदोपाध्याय, डॉ. नीलम यादव सहित देशभर से आए वरिष्ठ चिकित्सक और चिकित्सा विशेषज्ञ उपस्थित रहे।


