रायपुर,29 नवम्बर 2026

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि स्वस्थ नागरिक ही समृद्ध और विकसित छत्तीसगढ़ की सबसे बड़ी पूंजी हैं। जब प्रदेश का प्रत्येक नागरिक स्वस्थ होगा, तभी विकसित छत्तीसगढ़ का संकल्प साकार होगा। उन्होंने कहा कि चिकित्सा केवल पेशा नहीं, बल्कि मानवता की सेवा का पुनीत माध्यम है। चिकित्सकों का सेवाभाव, संवेदनशीलता और आत्मीय व्यवहार मरीजों को स्वस्थ होने का विश्वास और संबल प्रदान करता है।

मुख्यमंत्री रविवार को राजधानी रायपुर के मोवा स्थित श्री बालाजी इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेस में आयोजित ‘तरंग 2.0 स्टेट यूथ मेडिकल फेस्ट-2026’ को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश के विभिन्न मेडिकल कॉलेजों से पहुंचे छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन किया और उन्हें चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्टता के साथ मानवीय संवेदनाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के लिए प्रेरित किया।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि भारतीय समाज में चिकित्सकों को ईश्वर के बाद सबसे अधिक सम्मान दिया जाता है। यह सम्मान उनके ज्ञान, कौशल और मानव जीवन की रक्षा के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने भावी चिकित्सकों से कहा कि मरीज के उपचार में दवाइयों और आधुनिक तकनीक के साथ चिकित्सक का मधुर व्यवहार भी बेहद महत्वपूर्ण होता है। कई बार सकारात्मक संवाद और आत्मीय व्यवहार मरीज को मानसिक रूप से बड़ी राहत प्रदान करता है।

जरूरतमंदों का उपचार कराना हमेशा रही प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने अपने सार्वजनिक जीवन के अनुभव साझा करते हुए कहा कि 26 वर्ष की आयु में पहली बार विधायक बनने से लेकर सांसद और मुख्यमंत्री बनने तक जरूरतमंदों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराना उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में रहा है। किसी जरूरतमंद व्यक्ति को समय पर इलाज मिलना और उसका स्वस्थ होकर लौटना उनके लिए आत्मसंतुष्टि का विषय है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से उपचार के लिए रायपुर आने वाले जरूरतमंद लोगों की सहायता के उद्देश्य से ‘कुनकुरी सदन’ की स्थापना की गई है। यह सदन जरूरतमंद लोगों के लिए सहयोग और सहायता के केंद्र के रूप में कार्य कर रहा है।

मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान से 34 लाख लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के संकल्प से बस्तर में शांति, सुरक्षा और विकास का नया वातावरण बन रहा है। नक्सलवाद से प्रभावित रहे दूरस्थ क्षेत्रों में अब शासन की योजनाओं और स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच लगातार बढ़ रही है।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान के अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर पहुंचकर अब तक लगभग 34 लाख लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर चुकी हैं। इस अभियान के माध्यम से हजारों जरूरतमंदों को निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। आवश्यकता पड़ने पर मरीजों को उच्च चिकित्सा संस्थानों में रेफर करने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।

मुख्यमंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी का स्मरण करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से छत्तीसगढ़ को शुरुआती दौर में ही एम्स की सौगात मिली थी। आज यह संस्थान प्रदेश सहित आसपास के क्षेत्रों के लाखों लोगों को आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करा रहा है।

स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार से मेडिकल हब बन रहा छत्तीसगढ़ : स्वास्थ्य मंत्री

कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रदेश को देश के प्रमुख मेडिकल हब के रूप में विकसित करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने अस्पतालों को उद्योग का दर्जा देने के साथ ही पांच नए शासकीय मेडिकल कॉलेज खोलने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है। प्रदेश में एमबीबीएस की सीटों की संख्या बढ़कर 3,025 हो गई है। इसके साथ ही नर्सिंग और पैरामेडिकल शिक्षा का भी विस्तार किया जा रहा है।

स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि दूरस्थ क्षेत्रों में संस्थागत प्रसव को प्रोत्साहित करने और स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता बढ़ाने से मातृ मृत्यु दर में उल्लेखनीय कमी आई है। उन्होंने यह भी कहा कि बेहतर चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार के परिणामस्वरूप इलाज के लिए छत्तीसगढ़ से बाहर जाने वाले मरीजों की संख्या में लगभग 80 प्रतिशत तक कमी आई है।

उन्होंने मेडिकल छात्र-छात्राओं से कहा कि सफल चिकित्सक बनने के लिए शैक्षणिक उत्कृष्टता के साथ व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास भी जरूरी है। युवाओं को बहुमुखी प्रतिभा विकसित करने और मानव सेवा के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया।

तरंग 2.0 से मेडिकल विद्यार्थियों को मिलेगा प्रतिभा दिखाने का मंच

मुख्यमंत्री श्री साय ने ‘तरंग 2.0 स्टेट यूथ मेडिकल फेस्ट-2026’ के आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि चार दिवसीय इस आयोजन में प्रदेश के विभिन्न मेडिकल कॉलेजों के विद्यार्थी भाग ले रहे हैं। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेल, कला, संस्कृति और रचनात्मक गतिविधियों में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान करते हैं।

उन्होंने कहा कि विभिन्न संस्थानों के विद्यार्थियों के बीच संवाद, अनुभवों का आदान-प्रदान और आपसी सहयोग भविष्य में बेहतर चिकित्सक बनने में सहायक होगा। मुख्यमंत्री ने सभी प्रतिभागियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे अपने ज्ञान, कौशल और सेवाभाव से समाज और प्रदेश का नाम रोशन करें।

इस अवसर पर इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के राष्ट्रीय सचिव डॉ. विनोद तिवारी, बालाजी ग्रुप के चेयरमैन डॉ. देवेंद्र नायक, डॉ. नीरज शर्मा, डॉ. निलय तिवारी, डॉ. अनूप वर्मा, डॉ. संजीव श्रीवास्तव, डॉ. तेजस नायक, शंकराचार्य ग्रुप के चेयरमैन डॉ. आईपी मिश्रा, डॉ. नीता नायक, डॉ. नितिन पटेल, डॉ. नितीश नायक सहित बड़ी संख्या में चिकित्सक, चिकित्सा शिक्षक और मेडिकल छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts