# Tags
#Events #politics

विज्ञान भवन में आज नारी शक्ति वंदन सम्मेलन, पीएम मोदी करेंगे महिलाओं से सीधा संवाद

Narendra Modi

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज राजधानी के विज्ञान भवन में आयोजित राष्ट्रीय ‘नारी शक्ति वंदन सम्मेलन’ को संबोधित करेंगे। सुबह करीब 11 बजे शुरू होने वाले इस कार्यक्रम में देशभर से विभिन्न क्षेत्रों की महिलाएं एक मंच पर जुटेंगी।

महिला एवं बाल विकास मंत्रालय की ओर से आयोजित इस सम्मेलन का मुख्य फोकस महिला आरक्षण कानून में प्रस्तावित 33 प्रतिशत हिस्सेदारी और शासन में महिलाओं की भागीदारी को मजबूत करना है। संसद के विशेष सत्र से पहले हो रहा यह आयोजन ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य में महिला नेतृत्व की भूमिका को केंद्र में रखेगा।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री विभिन्न क्षेत्रों से आई महिलाओं के साथ सीधा संवाद भी करेंगे। सम्मेलन में सरकार, शिक्षा, विज्ञान, खेल, उद्यमिता, मीडिया, सामाजिक कार्य और संस्कृति से जुड़ी प्रख्यात महिलाओं की भागीदारी रहेगी, जिन्होंने अपने-अपने क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।

आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, यह सम्मेलन पंचायत स्तर से लेकर संसद तक महिलाओं की बढ़ती भागीदारी को रेखांकित करेगा। साथ ही, महिला आरक्षण के प्रभावी क्रियान्वयन और राष्ट्र निर्माण में महिलाओं की भूमिका को लेकर सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया जाएगा।

इस कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी, राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और महिला आयोग की अध्यक्ष विजया के रहाटकर सहित कई प्रमुख हस्तियां शामिल होंगी।

सरकार का मानना है कि 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य को हासिल करने के लिए ‘वूमेन-लेड डेवलपमेंट’ आवश्यक है। इसी उद्देश्य के तहत यह सम्मेलन महिलाओं की निर्णायक भूमिका और नेतृत्व को आगे बढ़ाने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *