वेदांता प्लांट ब्लास्ट: सक्ती में 17 मजदूरों की मौत, मृतकों की सूची जारी; चेयरमैन अनिल अग्रवाल ने जताया गहरा दुख
रायपुर, 15 अप्रैल 2026
छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में हुए भीषण बॉयलर ब्लास्ट हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 17 हो गई है। इस दर्दनाक घटना ने पूरे प्रदेश समेत देश को झकझोर कर रख दिया है। हादसे में कई मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए हैं, जिनका विभिन्न अस्पतालों में इलाज जारी है।
अलग-अलग अस्पतालों में हुई मौतें
जानकारी के अनुसार, हादसे के बाद 4 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि अन्य घायलों ने इलाज के दौरान दम तोड़ा। रायगढ़ मेडिकल कॉलेज, जिला अस्पताल रायगढ़ और रायपुर के निजी अस्पतालों में भर्ती घायलों में से कई की मौत हो चुकी है। प्रशासन के मुताबिक कुल 36 मजदूर झुलसे हैं, जिनमें से 18 का इलाज अभी भी जारी है।
मृतकों की सूची जारी
प्रशासन ने हादसे में जान गंवाने वाले मजदूरों की सूची जारी कर दी है, जिनमें विभिन्न राज्यों के श्रमिक शामिल हैं:
रितेश कुमार (बिहार), अमृत लाल पटेल (सक्ती), ठांडा राम लहरे (सक्ती), तरुण कुमार ओझा (झारखंड), आकिब खान (बिहार), सुरसांता जना (पश्चिम बंगाल), अब्दुल करीम (झारखंड), उदयभान सिंह यादव (रायगढ़), शेख सेफुद्दीन (पश्चिम बंगाल), पप्पू कुमार (उत्तर प्रदेश), अशोक परहिया (झारखंड), मानस गिरी (पश्चिम बंगाल), बुजेरा कुमार (उत्तर प्रदेश), रामेश्वर महलिंग (जांजगीर-चांपा), कार्तिक महतो (पश्चिम बंगाल), नदीम अंसारी (कानपुर) और शिवनाथ मुर्मू (पश्चिम बंगाल)।
हादसे के बाद मची अफरा-तफरी
बताया जा रहा है कि प्लांट में करीब 40 मजदूर कार्यरत थे, तभी अचानक बॉयलर की पाइपलाइन फट गई और मजदूर इसकी चपेट में आ गए। घटना के बाद प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
अनिल अग्रवाल ने जताया दुख
वेदांता समूह के चेयरमैन अनिल अग्रवाल ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि इस दुर्घटना से प्रभावित हर व्यक्ति उनके परिवार जैसा है और कंपनी इस कठिन समय में सभी के साथ खड़ी है। उन्होंने मामले की जांच कराने का भी भरोसा दिया।
राष्ट्रपति और मुख्यमंत्री ने जताया शोक
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने हादसे पर शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
वहीं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इसे अत्यंत दुखद घटना बताते हुए मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता देने की घोषणा की है। साथ ही उन्होंने घटना की गहन जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
मौत का आंकड़ा बढ़ने की आशंका
गंभीर रूप से घायल मजदूरों की हालत नाजुक बनी हुई है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा है और प्लांट में सुरक्षा मानकों की समीक्षा भी की जा रही है।
Hindi 















































































































































































































































