नक्सल क्षेत्र से उभर रही नई प्रतिभाएं, बस्तर के युवा शतरंज में बना रहे पहचान
द चेस नेशन चैंपियनशिप 2026 में मयंक (U-15) और अयांश (U-11) रहे विजेता, रायपुर के सालिक नवाज ने ओपन वर्ग जीता
20 अप्रैल 2026 | जगदलपुर (बस्तर)
नक्सल प्रभावित बस्तर अब खेल और प्रतिभा के दम पर अपनी नई पहचान गढ़ रहा है। जगदलपुर के निर्मल विद्यालय में आयोजित ‘द चेस नेशन शतरंज चैंपियनशिप 2026’ में प्रदेशभर से आए खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया और बस्तर की बदलती तस्वीर को उजागर किया।
ओपन वर्ग में रायपुर का दबदबा
प्रतियोगिता के ओपन वर्ग में सालिक नवाज मणिहार ने पहला स्थान हासिल कर ₹11 हजार का पुरस्कार जीता। बिलासपुर के रूपेश कुमार मिश्रा दूसरे और दुर्ग के यशद बंबेश्वर तीसरे स्थान पर रहे।
महिला वर्ग में अलंक्रुता का शानदार प्रदर्शन
महिला वर्ग में अलंक्रुता मोहराना ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए शीर्ष स्थान हासिल किया और सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी बनीं।
अंडर-15 में मयंक ने मारी बाजी
अंडर-15 वर्ग में कोंडागांव के मयंक श्रीवास्तव विजेता रहे। जगदलपुर के एजीकियल सर्विन एक्का दूसरे और अथर्व मेश्राम तीसरे स्थान पर रहे। बालिका वर्ग में आयुषी राठी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
अंडर-11 में अयांश का जलवा
अंडर-11 वर्ग में जगदलपुर के अयांश दीक्षित ने पहला स्थान हासिल किया। वेदांत शुक्ला दूसरे और सिद्धार्थ राव तीसरे स्थान पर रहे। बालिका वर्ग में बृष्टि साहा ने शानदार प्रदर्शन किया।
बस्तर की बदलती तस्वीर
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि बस्तर एसपी शलभ कुमार सिन्हा ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि बस्तर अब हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन इस बात का प्रमाण है कि यहां की नई पीढ़ी अब बंदूक नहीं, बल्कि बुद्धि और प्रतिभा के बल पर अपनी पहचान बना रही है।
Hindi 












































































































































































































































































































































