कनाडा में बुजुर्ग सिख पर नस्लीय हमला, युवक गिरफ्तार
Canada में एक बुजुर्ग सिख व्यक्ति पर नस्लीय हमले का मामला सामने आया है। घटना Woodstock शहर की है, जहां एक युवक ने बुजुर्ग के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए नस्लीय टिप्पणियां कीं और उन्हें धक्का दिया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
पुलिस के अनुसार, यह घटना 22 अप्रैल को सुबह करीब 11:35 बजे नाइट्स लेन इलाके में टर्टल आइलैंड स्कूल के पास हुई। पीड़ित बुजुर्ग अपने काम से सार्वजनिक स्थान पर मौजूद थे, तभी एक नकाबपोश युवक उनके पास आया और उन्हें रोककर आपत्तिजनक बातें करने लगा। वीडियो में आरोपी यह कहते हुए सुना जा सकता है—“तुम मेरे देश में क्या कर रहे हो?”, जिसके बाद उसने लगातार नस्लीय गालियां दीं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपी ने पहले बुजुर्ग को घेरा और फिर उन्हें धक्का दिया। घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को काबू में लेकर गिरफ्तार कर लिया और उसके खिलाफ कई धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
Woodstock Police Service का कहना है कि शुरुआती जांच में यह घटना आरोपी की व्यक्तिगत हरकत प्रतीत होती है और इसके पीछे किसी संगठित समूह की भूमिका नहीं पाई गई है। हालांकि, सिख समुदाय इस घटना को कनाडा में बढ़ते एंटी-सिख हेट क्राइम की कड़ी के रूप में देख रहा है।
Hindi 


































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































