बैंक से पैसे निकालने के लिए भाई ने खोदी बहन की कब्र, कंधे पर कंकाल लेकर पहुंचा शाखा
ओडिशा के केंदुझर जिले से एक बेहद संवेदनशील और चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने व्यवस्था और मानवीय संवेदनाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यहां एक युवक को अपनी मृत बहन के खाते से मात्र 19,300 रुपये निकालने के लिए उसकी कब्र खोदकर कंकाल बैंक तक ले जाना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, युवक जीतू मुंडा बैंक से पैसे निकालना चाहता था, लेकिन बैंक प्रबंधन ने उससे मृत्यु का प्रमाण मांगा। आवश्यक दस्तावेज न होने के कारण वह मजबूरी में अपनी बहन की कब्र तक पहुंचा और उसका कंकाल निकालकर कंधे पर उठाए करीब तीन किलोमीटर पैदल चलकर बैंक पहुंच गया।
कड़ी धूप में कंकाल लेकर बैंक पहुंचे युवक को देखकर वहां मौजूद लोग हैरान रह गए। यह घटना न सिर्फ प्रशासनिक प्रक्रिया की कठोरता को उजागर करती है, बल्कि मानवीय संवेदनाओं की कमी को भी सामने लाती है।
Hindi 









































































































































































































































































































































































































































