रायपुर, 24 नवंबर 2026

राजधानी रायपुर में 5वीं मिनी राष्ट्रीय बैडमिंटन स्पर्धा का शानदार आगाज हुआ। उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने मोवा स्थित आईस्पोर्ट्ज़ बैडमिंटन एरिना में प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। छत्तीसगढ़ बैडमिंटन एसोसिएशन द्वारा आयोजित इस चार दिवसीय राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के 30 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के 250 खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने सभी खिलाड़ियों से व्यक्तिगत परिचय प्राप्त किया और खेल से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की। उन्होंने खिलाड़ियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

बैडमिंटन में धैर्य, एकाग्रता और चपलता जरूरी : अरुण साव

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि बैडमिंटन केवल शारीरिक क्षमता का खेल नहीं है, बल्कि इसमें धैर्य, चपलता, तेज नजर, पैरों की फुर्ती और तुरंत निर्णय लेने की क्षमता भी बेहद जरूरी होती है। इस खेल में प्रत्येक खिलाड़ी को अनुशासन और एकाग्रता के साथ प्रदर्शन करना पड़ता है।

उन्होंने कहा कि खेल के मैदान में मिलने वाली सीख जीवन में भी सफलता हासिल करने में सहायक होती है। राष्ट्रीय स्तर की ऐसी प्रतियोगिताओं से खिलाड़ियों को देशभर के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के साथ खेलने और उनसे सीखने का अवसर मिलता है। खिलाड़ी यहां से नए अनुभव और बेहतर सीख लेकर जाएंगे।

बैडमिंटन स्टेडियम निर्माण को मिली स्वीकृति

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार छत्तीसगढ़ की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है। प्रदेश में खेल अधोसंरचना का विस्तार किया जा रहा है।

इसी दिशा में राज्य सरकार ने बैडमिंटन स्टेडियम के निर्माण को स्वीकृति प्रदान की है। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के खिलाड़ियों को अभ्यास और प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर सुविधाएं मिलें, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें।

अंतरराष्ट्रीय मंच पर छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी बढ़ा रहे प्रदेश का गौरव

अरुण साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। हाल ही में एशियन पैरा गेम्स-2026 में प्रदेश के खिलाड़ी अभिजीत सखूजा ने पैरा बैडमिंटन में कांस्य पदक जीतकर देश और छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उनकी इस उपलब्धि पर 31 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की है। यह खिलाड़ियों की मेहनत और प्रतिभा को प्रोत्साहित करने की दिशा में राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों को ओलंपिक तक पहुंचाना लक्ष्य

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य है कि छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी ओलंपिक तक पहुंचें और देश के लिए पदक जीतें। खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव प्रोत्साहन और सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में खेलों के प्रति युवाओं का उत्साह लगातार बढ़ रहा है और नई खेल प्रतिभाएं सामने आ रही हैं। खेल के माध्यम से खिलाड़ी न केवल अपना भविष्य संवारते हैं, बल्कि देश और प्रदेश का नाम भी रोशन करते हैं।

कार्यक्रम में खेल एवं युवा कल्याण विभाग की संचालक आकांक्षा शिक्षा खलखो, छत्तीसगढ़ बैडमिंटन एसोसिएशन के अध्यक्ष विक्रम सिसोदिया, सचिव संजय मिश्रा, कोषाध्यक्ष संजय भंसाली, कविता दीक्षित, अनुराग दीक्षित, खेल अधिकारी और बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे।

राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता के आयोजन से छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और देश के अन्य राज्यों के खिलाड़ियों से प्रतिस्पर्धा करने का अवसर मिलेगा। राज्य सरकार का लक्ष्य बेहतर खेल सुविधाओं के माध्यम से प्रदेश की प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts