रायपुर, 24 नवंबर 2026

कबीरधाम जिले के कवर्धा में महर्षि कश्यप जी की प्रतिमा का अनावरण किया गया। उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने हटरी पारा में 9 लाख 75 हजार रुपये की लागत से निर्मित महर्षि कश्यप चौक का लोकार्पण करते हुए प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर महर्षि कश्यप का स्मरण किया। कार्यक्रम में कसौधन गुप्ता समाज के प्रतिनिधियों और सदस्यों ने उप मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि महापुरुषों की प्रतिमाएं केवल स्मरण का माध्यम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का केंद्र होती हैं। इनसे युवाओं को महापुरुषों के जीवन, संघर्ष और आदर्शों को जानने तथा उन्हें अपने जीवन में अपनाने की प्रेरणा मिलती है।

उन्होंने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज और पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमाएं भी इसी उद्देश्य से स्थापित की गई हैं। कवर्धा शहर में आने वाले समय में अन्य महापुरुषों की प्रतिमाएं भी स्थापित की जाएंगी। उन्होंने युवाओं से महापुरुषों के जीवन मूल्यों का अध्ययन कर उनके आदर्शों को आत्मसात करने का आह्वान किया।

कवर्धा में धार्मिक और पर्यटन स्थलों का हो रहा विकास

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि कवर्धा नगर के विकास और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। डीएफओ कार्यालय के सामने चौपाटी शुरू हो चुकी है और हनुमंत वाटिका को नगरवासियों का अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। पुराने काष्ठागार परिसर में शिव वाटिका का निर्माण किया जाएगा। वहीं बूढ़ा महादेव मंदिर के विस्तार एवं भव्य निर्माण की योजना पर भी काम किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि विंध्यवासिनी मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रवेश व्यवस्था विकसित की जा रही है और मंदिर परिसर में विशाल हॉल का निर्माण कराया जा रहा है। इसके साथ ही भोरमदेव मंदिर परिसर में भव्य कॉरिडोर निर्माण के लिए केंद्र सरकार से 146 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं। यहां निर्माण कार्य जारी है। इससे आने वाले समय में भोरमदेव मंदिर का धार्मिक और पर्यटन महत्व और अधिक बढ़ेगा।

56 करोड़ की लागत से फोरलेन सड़क निर्माण शुरू

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि कवर्धा के विकास को गति देने के लिए बिलासपुर और रायपुर मार्ग पर लगभग 56 करोड़ रुपये की लागत से फोरलेन सड़क निर्माण का कार्य प्रारंभ हो चुका है। इसके अलावा विभिन्न प्रमुख मार्गों का उन्नयन भी किया जा रहा है।

नए बस स्टैंड तक आवागमन सुगम बनाने के लिए ठाकुरदेव चौक से घोटिया रोड तक लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से सड़क निर्माण कराया गया है। नया बस स्टैंड भी प्रारंभ हो रहा है। उन्होंने कहा कि पुराने बस स्टैंड क्षेत्र में व्यापारिक केंद्र विकसित करने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे, ताकि नगर का विस्तार हो और स्थानीय व्यापारियों को बेहतर अवसर मिल सकें।

महर्षि कश्यप के आदर्शों पर चलना हम सभी का दायित्व : चन्द्रप्रकाश चंद्रवंशी

नगर पालिका अध्यक्ष चन्द्रप्रकाश चंद्रवंशी ने देव दीपावली एवं प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महर्षि कश्यप जी की प्रतिमा का अनावरण समाज के लिए गौरव और प्रेरणा का विषय है। महर्षि कश्यप जैसे महान ऋषियों और महापुरुषों ने समाज एवं राष्ट्र को सही दिशा देने के लिए अपना जीवन समर्पित किया। उनके विचारों और आदर्शों पर चलना हम सभी का दायित्व है।

उन्होंने कहा कि आज देश और समाज को ऐसे राष्ट्रभक्त, समाजसेवी एवं संस्कारवान व्यक्तित्वों की आवश्यकता है, जो आने वाली पीढ़ियों को सही दिशा दिखा सकें।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष संतोष पटेल, देवेंद्र गुप्ता, कवर्धा शहर समाज के अध्यक्ष प्रभात गुप्ता, समाज के वरिष्ठ एवं मार्गदर्शक आत्मानंद गुप्ता, नगर पालिका परिषद के उपाध्यक्ष पवन जायसवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि, समाज के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।

महर्षि कश्यप चौक और प्रतिमा का निर्माण समाज की आस्था, श्रद्धा और सम्मान का प्रतीक है। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने उम्मीद जताई कि यह प्रतिमा आने वाली पीढ़ियों को महापुरुषों के आदर्शों और संस्कारों से जुड़ने की प्रेरणा देती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts