रायपुर, 24 नवंबर 2026
छत्तीसगढ़ ने प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है। राज्य को विभिन्न श्रेणियों में कुल पांच राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त हुए हैं। नई दिल्ली में आयोजित स्वनिधि सम्मान अवार्ड्स-2026 में राज्य के नवाचार ‘आरोग्य से आत्मनिर्भरता’ को ‘इनोवेशन एंड बेस्ट प्रैक्टिसेस’ श्रेणी में देशभर में दूसरा स्थान मिला है।
इस पहल के तहत मुख्यमंत्री स्लम स्वास्थ्य योजना और पीएम स्वनिधि योजना को जोड़कर पथ विक्रेताओं और उनके परिवारों को एक ही स्थान पर निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, दवाइयां और ऋण सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
नई दिल्ली के डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में भारत सरकार के आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा आयोजित समारोह में केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल और राज्य मंत्री तोखन साहू की उपस्थिति में उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव ने छत्तीसगढ़ की ओर से पुरस्कार ग्रहण किया। इस अवसर पर प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, संचालक नीलेश महादेव क्षीरसागर तथा सूडा के उप मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं राज्य नोडल अधिकारी सुनील अग्रहरि भी मौजूद रहे।
ऋण शिविरों में स्वास्थ्य सुविधाएं जोड़कर बढ़ाई भागीदारी
राज्य शहरी विकास अभिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुमीत अग्रवाल ने बताया कि पीएम स्वनिधि योजना के तहत आयोजित ऋण शिविरों में पथ विक्रेताओं की भागीदारी बढ़ाना चुनौती थी। कई पथ विक्रेता इन शिविरों को केवल आवेदन और दस्तावेजी प्रक्रिया तक सीमित मानते थे। इस समस्या के समाधान के लिए मुख्यमंत्री स्लम स्वास्थ्य योजना की मोबाइल मेडिकल यूनिट (MMU) को पीएम स्वनिधि के ऋण शिविरों से जोड़कर हेल्थ-कम-लोन कैंप आयोजित किए जाने लगे।
इन शिविरों में पथ विक्रेताओं और उनके परिवारों को 41 प्रकार की स्वास्थ्य जांच और 170 प्रकार की जेनेरिक दवाइयां निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं। साथ ही ऋण आवेदन भरने, परिवार की सामाजिक-आर्थिक प्रोफाइलिंग और विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में भी सहायता की गई।
ऋण आवेदनों में करीब तीन गुना वृद्धि
स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने से शिविरों में पथ विक्रेताओं की भागीदारी में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई। पहले जहां एक शिविर में 50 से 60 पथ विक्रेता पहुंचते थे, वहीं मोबाइल मेडिकल यूनिट की मौजूदगी से यह संख्या बढ़कर 120 से 150 तक पहुंच गई। इसी तरह प्रति शिविर ऋण आवेदनों की संख्या 20-25 से बढ़कर 60-70 तक हो गई। इस तरह ऋण आवेदनों में लगभग तीन गुना वृद्धि दर्ज की गई।
सितंबर 2025 से अक्टूबर 2026 के बीच 31,056 मोबाइल मेडिकल यूनिट शिविरों के माध्यम से 66,959 पात्र ऋण आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से 48,523 आवेदन स्वीकृत किए गए और 46,081 पथ विक्रेताओं को कुल 92 करोड़ 93 लाख रुपये का ऋण वितरित किया गया। इसमें 32,478 प्रथम, 9,110 द्वितीय और 4,493 तृतीय चरण के ऋण शामिल हैं।
172 नगरीय निकायों में 150 मोबाइल मेडिकल यूनिट से मिल रहीं सुविधाएं
मुख्यमंत्री स्लम स्वास्थ्य योजना के अंतर्गत प्रदेश के 172 नगरीय निकायों में 150 मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। नवंबर 2020 से अक्टूबर 2026 तक इन यूनिट के जरिए 2,03,130 स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए गए। इस दौरान 1.41 करोड़ मरीजों का उपचार, 37.37 लाख लैब टेस्ट और 1.24 करोड़ दवाइयों का वितरण किया गया।
पीएम स्वनिधि योजना को मुख्यमंत्री स्लम स्वास्थ्य योजना से जोड़ने से महिला पथ विक्रेताओं की भागीदारी भी 45 प्रतिशत से बढ़कर 68 प्रतिशत तक पहुंच गई है। निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, लैब टेस्ट और दवाइयों से प्रत्येक परिवार को अनुमानित 5,000 से 7,000 रुपये की वार्षिक बचत हो रही है।
पथ विक्रेताओं के जीवन में बदलाव ला रही पहल
जशपुर के पथ विक्रेता संतोष कुमार इस पहल के फायदे बताते हुए कहते हैं, “अब सरकार हमारे द्वार तक आकर हमें दवाइयां और आर्थिक सहायता दोनों उपलब्ध करा रही है।”
स्वास्थ्य सुविधाओं और आर्थिक सहायता को एक साथ उपलब्ध कराने वाली यह पहल पथ विक्रेताओं के लिए उपयोगी साबित हो रही है। ‘आरोग्य से आत्मनिर्भरता’ मॉडल के जरिए नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग और सूडा ने पथ विक्रेताओं को स्वास्थ्य सेवाओं, वित्तीय सहायता और सामाजिक सुरक्षा से जोड़ने की पहल की है।
उच्च रक्तचाप और मधुमेह जैसी बीमारियों की पहचान पर जोर
मोबाइल मेडिकल यूनिट से प्राप्त स्वास्थ्य संबंधी आंकड़े बताते हैं कि पथ विक्रेताओं एवं अन्य शहरी नागरिकों में उच्च रक्तचाप और मधुमेह जैसी गैर-संचारी बीमारियों की पहचान और नियमित जांच महत्वपूर्ण है। यह पहल सामान्य बीमारियों के उपचार तक सीमित नहीं है, बल्कि नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और समय पर बीमारी की पहचान के जरिए गंभीर बीमारियों की रोकथाम में भी भूमिका निभा रही है।
इस पहल का एक महत्वपूर्ण उद्देश्य पथ विक्रेताओं को स्वास्थ्य संबंधी आकस्मिक खर्चों से राहत दिलाना भी है। निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, लैब टेस्ट और दवाइयों से प्रत्येक परिवार को प्रतिवर्ष लगभग 5,000 से 7,000 रुपये तक की बचत हो सकती है। इससे परिवार की आर्थिक स्थिति को सहारा मिलने के साथ ऋण की किश्तों के नियमित भुगतान में भी मदद मिलती है।
महिला स्वास्थ्य और विशेष क्षेत्रों तक भी पहुंच रहीं सुविधाएं
महिला स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए प्रदेश के 17 नगरीय निकायों में 11 दाई-दीदी क्लीनिक मोबाइल मेडिकल यूनिट संचालित हैं। इनके माध्यम से 11,170 शिविरों में 6.87 लाख मरीजों का उपचार, 1.81 लाख लैब टेस्ट तथा 6.24 लाख दवाइयों का वितरण किया गया है।
वहीं, वामपंथी उग्रवाद से प्रभावित रहे क्षेत्रों में भी पीएम स्वनिधि के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए स्वास्थ्य एवं ऋण शिविरों के आयोजन में विशेष व्यवस्थाएं अपनाई गई हैं। इनमें सुरक्षित स्थानों का चयन, स्थानीय पुलिस का सहयोग, घर-घर संपर्क और स्थानीय भाषाओं में संवाद शामिल हैं, ताकि इन क्षेत्रों के पथ विक्रेताओं एवं नागरिकों तक शासकीय सुविधाएं पहुंचाई जा सकें।
‘आरोग्य से आत्मनिर्भरता’ मॉडल को मिले राष्ट्रीय सम्मान ने छत्तीसगढ़ की उस पहल को पहचान दिलाई है, जिसमें पथ विक्रेताओं को आर्थिक सहायता के साथ स्वास्थ्य सेवाओं और सामाजिक सुरक्षा का लाभ एक ही मंच पर उपलब्ध कराया जा रहा है।


