रायपुर में इंडिगो फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग, महिला यात्री की तबीयत बिगड़ने पर लिया गया फैसला
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी में स्थित Swami Vivekananda Airport पर कलकत्ता से पुणे जा रही IndiGo की फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। बताया जा रहा है कि एक महिला यात्री की अचानक तबीयत बिगड़ने के कारण यह निर्णय लिया गया।
जानकारी के अनुसार, उड़ान के दौरान महिला यात्री बेहोश हो गईं, जिसके बाद क्रू मेंबर्स ने तुरंत स्थिति को संभालते हुए एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से संपर्क किया और मेडिकल इमरजेंसी के तहत रायपुर में लैंडिंग की अनुमति मांगी। विमान दोपहर करीब 12 बजे सुरक्षित रूप से रायपुर एयरपोर्ट पर उतरा।
लैंडिंग के तुरंत बाद Airports Authority of India (AAI) की टीम ने महिला यात्री को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया। इसके बाद उन्हें एम्बुलेंस के जरिए अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।
आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने और स्थिति सामान्य होने के बाद फ्लाइट ने लगभग एक बजे फिर से पुणे के लिए उड़ान भर दी। एयरपोर्ट प्रशासन ने पूरी प्रक्रिया को तेजी और समन्वय के साथ पूरा किया।
Hindi 









































































































































































































































































































































































































































