# Tags
#NATIONAL

सरकार का बड़ा फैसला,डीजल और ATF पर एक्सपोर्ट ड्यूटी में कटौती,पेट्रोल पर कोई बदलाव नहीं

केंद्र सरकार ने मई माह की शुरुआत में तेल क्षेत्र से जुड़ा अहम निर्णय लेते हुए डीजल और एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) पर एक्सपोर्ट ड्यूटी में कटौती की है। वित्त मंत्रालय द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, 1 मई से लागू नए पखवाड़े के लिए डीजल पर एक्सपोर्ट ड्यूटी घटाकर 23 रुपये प्रति लीटर और जेट फ्यूल (ATF) पर 33 रुपये प्रति लीटर निर्धारित की गई है।

हालांकि, पेट्रोल पर एक्सपोर्ट ड्यूटी में कोई बदलाव नहीं किया गया है और यह पहले की तरह शून्य बनी हुई है। इसके साथ ही पेट्रोल पर एक्साइज ड्यूटी में भी कोई संशोधन नहीं किया गया है।

सरकार द्वारा हर 15 दिन में समीक्षा के आधार पर यह फैसला लिया गया है। माना जा रहा है कि इस कटौती से तेल कंपनियों के साथ-साथ विमानन क्षेत्र को भी राहत मिलेगी, जिससे परिचालन लागत पर दबाव कम हो सकता है।

इधर, केंद्र ने साफ किया है कि देश में एलपीजी, पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता पर्याप्त है और कीमतों में फिलहाल किसी बढ़ोतरी की योजना नहीं है। पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने कहा कि वैश्विक परिस्थितियों के बावजूद आपूर्ति सामान्य बनी हुई है, ऐसे में घबराने की जरूरत नहीं है।

विशेषज्ञों के मुताबिक, यह कदम वैश्विक बाजार में उतार-चढ़ाव के बीच घरेलू आपूर्ति और कीमतों को संतुलित बनाए रखने की रणनीति का हिस्सा है।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *