पानी की तलाश में गांव पहुंचा तेंदुआ कुएं में गिरा, मोटर पाइप के सहारे लटका, रेस्क्यू जारी
भीषण गर्मी और जलसंकट का असर अब वन्यजीवों पर भी दिखाई देने लगा है। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में भोजन और पानी की तलाश में गांव पहुंचा एक तेंदुआ कुएं में गिर गया। करीब 4 साल उम्र का तेंदुआ कुएं के भीतर मोटर पाइप के सहारे लटका हुआ मिला, जिसके बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, तेंदुआ रात के समय जगतरा गांव में पहुंचा था। इसी दौरान वह कुएं में गिर गया। सुबह जब ग्रामीण पानी भरने पहुंचे तो उन्होंने कुएं के अंदर तेंदुए को मोटर पाइप के सहारे लटका देखा। यह नजारा देखते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों ने तत्काल वन विभाग को सूचना दी।
सूचना मिलते ही बालोद वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। तेंदुए को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन की तैयारी की जा रही है। घटना स्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जुटने लगे हैं।
Hindi 













































































































































































































































































































































































































































































































































































































