98 साल के BJP कार्यकर्ता के आगे झुके पीएम मोदी
पश्चिम बंगाल में बीजेपी सरकार के शपथ ग्रहण समारोह के दौरान एक भावुक पल देखने को मिला, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 98 वर्षीय वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता माखनलाल सरकार के पैर छूकर उनका आशीर्वाद लिया। यह दृश्य देखते ही देखते चर्चा का विषय बन गया।
कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित समारोह में शुभेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह, राजनाथ सिंह समेत NDA के कई बड़े नेता मौजूद रहे।
मंच पर पहुंचते ही पीएम मोदी ने माखनलाल सरकार को गले लगाया, उनके पैर छुए और काफी देर तक उनसे आत्मीयता से बातचीत करते रहे। इस दौरान बुजुर्ग कार्यकर्ता की आंखें भी नम हो गईं।
जानकारी के मुताबिक माखनलाल सरकार पश्चिम बंगाल बीजेपी के सबसे वरिष्ठ कार्यकर्ताओं में गिने जाते हैं। 98 वर्षीय माखनलाल सरकार आजादी के बाद राष्ट्रवादी आंदोलन से जुड़े शुरुआती जमीनी कार्यकर्ताओं में शामिल रहे हैं।
साल 1952 में वह श्यामा प्रसाद मुखर्जी के साथ कश्मीर में तिरंगा फहराने के आंदोलन में शामिल हुए थे, जहां उन्हें गिरफ्तार भी किया गया था। बीजेपी गठन के बाद उन्होंने पश्चिम दिनाजपुर, जलपाईगुड़ी और दार्जिलिंग जिलों में संगठन को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई।
बताया जाता है कि सिर्फ एक साल में उन्होंने करीब 10 हजार नए सदस्यों को पार्टी से जोड़ने का काम किया था। 1981 से लगातार सात वर्षों तक वह जिला अध्यक्ष भी रहे।
Hindi 












































































































































































































































































































































































































































































































































































































